पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोंगलाबांध गांव में ठगी का एक मामला सामने आया है, जहां आभूषण साफ करने के बहाने अज्ञात ठग घर में घुसकर सोने की कीमती चेन लेकर फरार हो गए। पूरी वारदात सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है। घटना बुधवार सुबह करीब साढ़े नौ बजे की बताई जा रही है। पीड़िता के पुत्र राजकुमार पाल ने पाकुड़िया थाना में लिखित शिकायत देकर कार्रवाई की मांग की है। प्राप्त जानकारी के अनुसार, घटना के समय राजकुमार पाल की मां रेणुका पाल घर में अकेली थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति घर में घुसा और गले में पहनी सोने की चेन को साफ करने का झांसा दिया। बातों में आकर रेणुका पाल ने चेन उतारकर उसे दे दी। जैसे ही चेन उसके हाथ में आई, वह बहाना बनाकर मौके से फरार हो गया। पीड़ित पक्ष के अनुसार, इस घटना में दो अज्ञात लोग शामिल थे, जिन्होंने करीब 20 ग्राम वजन की सोने की चेन ठगी कर ली। पुलिस मामले की जांच में जुट गई है और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपियों की पहचान करने की कोशिश की जा रही है।








