पाकुड़। मालपहाड़ी ओपी अंतर्गत दर्ज कांड संख्या 64/23, दिनांक 10 अप्रैल 2023 के तहत नामजद दो अभियुक्तों को पुलिस ने सोमवार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया। यह मामला भारतीय दंड संहिता की धारा 406, 409, 34 तथा आवश्यक वस्तु अधिनियम (7 E.C. Act) के तहत दर्ज किया गया था। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों की पहचान एलियस सोरेन (पुत्र स्वर्गीय कंबोज सोरेन) और दुलरमई मुर्मू (पत्नी लखीराम बेसरा) के रूप में हुई है। दोनों आरोपी भूषका गांव, थाना मालपहाड़ी ओपी, जिला पाकुड़ के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, मामला सार्वजनिक वितरण प्रणाली से जुड़ी अनियमितताओं और सरकारी अनाज की कथित गबन से संबंधित है। मामले की जांच के दौरान दोनों आरोपियों की संलिप्तता पाई गई, जिसके बाद उन्हें विधिवत गिरफ्तार किया गया। पुलिस ने बताया कि दोनों को आज न्यायालय में प्रस्तुत किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। मामले की आगे की जांच जारी है।
