Search

March 24, 2026 4:42 am

न्यायालय की विशेष मध्यस्थता से दो परिवारों का हुआ पुनर्मिलन।

स्वराज सिंह

पाकुड़। प्रधान न्यायाधीश, कुटुम्ब न्यायालय के न्यायाधीश सुधांशु कुमार शशि के प्रयास से मंगलवार को विशेष मध्यस्थता अभियान के तहत दो पारिवारिक मामलों का सफल समाधान हुआ। इस पहल से दो टूटते रिश्तों को फिर से जोड़ा गया और परिवारों में खुशी लौटी। पहला मामला मासुदा खातुन उर्फ बीबी एवं अन्य बनाम फारूख अहमद का था, जहां पति-पत्नी के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था। मध्यस्थता के प्रयासों से दोनों ने एक-दूसरे को माला पहनाकर फिर से साथ रहने का निर्णय लिया। इस सुलह का सबसे महत्वपूर्ण पहलू यह रहा कि उनके दो वर्षीय पुत्र जुबेर अहमद को माता-पिता का प्यार और एक सुरक्षित भविष्य मिल सकेगा। दूसरा मामला शाहिना खातुन बनाम तोहिद शेख से जुड़ा था, जिसमें पति-पत्नी ने प्रेम विवाह किया था, लेकिन परिवारों के विरोध के कारण दोनों के रिश्ते में दरार आ गई थी। आज की मध्यस्थता बैठक में पत्नी ने पूरे परिवार के समक्ष अपने पति के साथ ससुराल जाने की सहमति दी, जिसे परिवार वालों ने भी सहर्ष स्वीकार कर लिया। प्रधान न्यायाधीश के अथक प्रयासों से दोनों मामलों में सौहार्दपूर्ण समझौता संभव हो सका, जिससे न केवल पति-पत्नी का रिश्ता फिर से जुड़ा, बल्कि उनके बच्चों और परिवारों का भविष्य भी सुरक्षित हो गया। न्यायालय की इस पहल ने परिवारों को जोड़ने और विवादों के शांतिपूर्ण समाधान की एक मिसाल पेश की है।

img 20250318 wa00114293526021491866274
img 20250318 wa00122224148233225054326

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर