प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़): थाना क्षेत्र के लब्दाघाटी में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ, जिसमें ऑटो चालक समेत पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। जानकारी के अनुसार, सभी घायल ओपी क्षेत्र के बेहड़ा गांव के रहने वाले हैं। इनमें डाबी पहाड़िन (22), बामड़ी पहाड़िन (45), मैसी पहाड़िन (23), जबरा पहाड़िया (24) और चिकना पहाड़िया (35) शामिल हैं। ये सभी बेहड़ा से लिट्टीपाड़ा साप्ताहिक हाट जाने के लिए ऑटो से निकले थे। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, लब्दाघाटी के पास पहुंचते ही चालक वाहन पर नियंत्रण खो बैठा, जिससे ऑटो सड़क से नीचे पलट गया। हादसा इतना तेज था कि सभी सवार गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना के बाद स्थानीय ग्रामीण तुरंत मौके पर पहुंचे और राहत कार्य शुरू करते हुए सभी घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, लिट्टीपाड़ा पहुंचाया। वहां डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। चिकना पहाड़िया की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें बेहतर इलाज के लिए पाकुड़ सदर अस्पताल रेफर कर दिया गया है। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दुर्घटनाग्रस्त ऑटो को जब्त कर लिया है और मामले की जांच में जुट गई है।






