Search

March 20, 2026 11:42 pm

बेमौसम बारिश ने बढ़ाई किसानों की चिंता, कटाई रुकी—रबी फसल पर संकट गहराया।

प्रशांत मंडल

लिट्टीपाड़ा (पाकुड़) प्रखंड क्षेत्र में लगातार हो रही बेमौसम बारिश ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। लेटबाड़ी बलरामपुर, करियोंडीह, बीचामहल और करनघाटी गांवों में पिछले कई दिनों से सुबह-शाम आसमान में बादल छाए रहने और बीच-बीच में बारिश होने से मौसम अनिश्चित बना हुआ है। इसका सीधा असर रबी फसलों की कटाई पर पड़ रहा है। खेतों में फसल पूरी तरह पककर तैयार है, लेकिन बारिश और बढ़ी नमी के कारण किसान समय पर कटाई नहीं कर पा रहे हैं। किसानों का कहना है कि यदि जल्द मौसम साफ नहीं हुआ, तो तैयार फसल को भारी नुकसान उठाना पड़ सकता है। कटाई में हो रही देरी से अनाज की गुणवत्ता प्रभावित होने की भी आशंका बढ़ गई है। किसानों ने बताया कि जो फसल किसी तरह काटी भी जा रही है, उसे सुखाना बड़ी चुनौती बन गया है। लगातार नमी के कारण अनाज में नमी बनी रह रही है, जिससे भंडारण में दिक्कतें आ रही हैं और खराब होने का खतरा बढ़ गया है।
वहीं, ग्रामीण इलाकों में खेतों की हालत भी खराब हो गई है। जगह-जगह पानी जमा होने से मजदूरों को काम करने में परेशानी हो रही है। किसान किसी तरह अपनी मेहनत की फसल को सुरक्षित घर तक पहुंचाने की कोशिश में जुटे हैं, लेकिन लगातार बदलता मौसम उनके प्रयासों पर पानी फेर रहा है। किसानों ने प्रशासन से मौसम की मार से राहत दिलाने और संभावित नुकसान के आकलन के लिए पहल करने की मांग की है, ताकि उन्हें उचित सहायता मिल सके।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर