प्रशासन ने दिया आश्वासन
थाना क्षेत्र के पाकुड़िया दुमका पीडब्ल्यूडी मुख्य सड़क स्थित सिद्धो कान्हू चौक के समीप मोगलाबांध के पास रविवार शाम को हुए दुर्घटना मामले में परिजनों ने मुआवजे की मांग को लेकर रात्रि 9 बजे से 1 बजे तक सड़क जाम कर दिया.लगभग चार घंटे तक रहे सड़क जाम के कारण सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारे लग गई.सड़क जाम की सूचना मिलते ही एसडीपीओ विजय कुमार,थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह,एसआइ मनोज महतो तथा एएसआइ पप्पू चौधरी पुलिस बल के साथ जाम स्थल पहुंचे.जहां ग्रामीणों से बातचीत कर सड़क जाम हटाने का प्रयास किया गया,लेकिन ग्रामीण मुआवजे की मांग को लेकर अड़े रहे.साथ ही थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह ने फिलहाल कुछ रुपये तत्काल खर्च करने को लेकर दिया तब जाकर लोगों ने सड़क जाम हटाया और याता-यात व्यवस्था सुचारू ढंग से चालू करवाया।सुबह होते ही पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए पाकुड़ भेज दिया.पाकुड़ से पोस्टमार्टम कर शव आने के बाद फिर ग्रामीणों एवं परिजनों ने पुनः सोमवार को दोपहर 1 बजे से सड़क जाम कर दिया।जाम स्थल पर एसडीपीओ विजय कुमार,थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह एवं एस आई मनोज महतो पुलिस बल के साथ पहुँचे.एसडीपीओ ने ग्रामीणों एवं परिजनों को समझा बुझा कर आश्वासन दिया कि मृतक के स्वजनों को सरकारी राहत कोष से मुआवजा राशि दिलाया जाएगा एवं हर संभव मदद की जायेगी.तभी ग्रामीणों एवं परिजनों ने दोपहर 3 बजे सड़क जाम को हटाया.मालूम हो कि बीते रविवार शाम को अज्ञात बोलेरो वाहन की धक्के से एक लगभग 55 वर्षीय महिला लालून बीबी की मौत हो गई थी.बहरहाल पुलिस अपने हर एक एंगल से वाहन की पहचान के लिए जांच में जुट चुकी है।






