पाकुड़, रविन्द्र भवन टाउन हॉल में गुरुवार को पंचायत उन्नति सूचकांक (PAI 2.0) पर जिला स्तरीय कार्यशाला आयोजित हुई। कार्यक्रम में पंचम राज्य वित्त आयोग, झारखंड के अध्यक्ष अमरेन्द्र प्रताप सिंह, उपायुक्त मनीष कुमार, सदस्य प्रो. हरीश्रर दयाल, उप विकास आयुक्त महेश कुमार संथालिया सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। कार्यशाला की शुरुआत दीप प्रज्वलन और अतिथियों को सम्मानित करने से हुई। अध्यक्ष अमरेन्द्र प्रताप सिंह ने कहा कि आयोग का उद्देश्य पंचायतों और नगर निकायों को वित्तीय रूप से मजबूत बनाना है, ताकि वे विकास कार्य प्रभावी तरीके से कर सकें। उन्होंने जिला प्रशासन और पंचायत प्रतिनिधियों के प्रयासों की सराहना की।
उपायुक्त मनीष कुमार ने बताया कि पाकुड़ जिला अब कई क्षेत्रों में राज्य में अग्रणी है—
शिक्षा: 22वें से अब 2वें स्थान पर
अबुआ आवास, मनरेगा, रेवेन्यू कोर्ट, नीलाम पत्र: राज्य में प्रथम स्थान।
उन्होंने अधिकारियों से योजनाओं के पारदर्शी और जवाबदेह क्रियान्वयन पर जोर दिया, ताकि PAI 2.0 में भी बेहतर रैंक हासिल हो। जिला पंचायत राज पदाधिकारी प्रीतिलता मुर्मू ने बताया कि यह सूचकांक पंचायतों की प्रगति को 9 प्रमुख विषयों में मापता है, जिसमें गरीबी उन्मूलन, स्वास्थ्य, स्वच्छता, जल प्रबंधन, महिला सशक्तिकरण और सुशासन शामिल हैं। उन्होंने सभी विभागों से समय पर सटीक डाटा पोर्टल पर अपलोड करने का अनुरोध किया। कार्यक्रम में आईटीडीए परियोजना निदेशक, अनुमंडल पदाधिकारी, जिला परिषद उपाध्यक्ष, सिविल सर्जन, जिला परिवहन पदाधिकारी, सभी प्रखंड विकास पदाधिकारी व अंचलाधिकारी उपस्थित रहे।


