राहुल दास
हिरणपुर। मानवता और सामाजिक जिम्मेदारी का परिचय देते हुए हिरणपुर के दो युवाओं ने समय पर रक्तदान कर दो मरीजों की जान बचाने में अहम भूमिका निभाई। आपात स्थिति में किए गए इस सराहनीय कार्य ने समाज के सामने सेवा और संवेदनशीलता की एक प्रेरणादायक मिसाल पेश की है। जानकारी के अनुसार, शरीर में खून की अत्यधिक कमी से जूझ रही 71 वर्षीय बुजुर्ग महिला सुमित्रा बेवा को तत्काल बी पॉजिटिव (B+) रक्त की आवश्यकता थी। जैसे ही इसकी जानकारी युवाओं को मिली, हिरणपुर निवासी आर्यन राज बिना देर किए अस्पताल पहुंचे और रक्तदान कर बुजुर्ग महिला को नया जीवन देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। इसी तरह उपचाररत एक अन्य महिला मरीज को भी बी पॉजिटिव रक्त की आवश्यकता पड़ी। इस दौरान हिरणपुर के ही लोकनाथ सेन आगे आए और रक्तदान कर मरीज की जान बचाने में सहयोग किया। दोनों युवाओं की त्वरित पहल से अस्पताल में मौजूद मरीजों और उनके परिजनों ने राहत की सांस ली। इस दौरान पंचायत समिति सदस्य विकास दास सहित बमभोला उपाध्याय, बापिन दत्ता, महानंद साहा और हरमेश साहा भी मौजूद रहे। सभी ने युवाओं के इस मानवीय कार्य की सराहना करते हुए कहा कि रक्तदान सबसे बड़ा दान है, जो किसी जरूरतमंद को जीवन दे सकता है। मौके पर उपस्थित लोगों ने समाज के अन्य युवाओं से भी नियमित रूप से रक्तदान के लिए आगे आने की अपील की, ताकि रक्त की कमी के कारण किसी भी जरूरतमंद मरीज को परेशानी का सामना न करना पड़े।






