पाकुड़। जिले में आधार की शुद्धता और विश्वसनीयता को लेकर प्रशासन सख्त हो गया है। उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में आयोजित जिला स्तरीय आधार निगरानी समिति की बैठक में साफ निर्देश दिए गए कि नए आधार कार्ड जारी करने से लेकर अपडेट तक हर प्रक्रिया में दस्तावेजों का कड़ाई से सत्यापन किया जाए। बिना वैध कागजात किसी भी स्थिति में आधार अपडेट नहीं होगा। डीसी ने कहा कि आधार में छोटी सी गलती या फर्जीवाड़ा भी न सिर्फ सिस्टम को प्रभावित करता है, बल्कि असली लाभुकों के अधिकार छीन लेता है। इसे रोकने के लिए रैंडम जांच अनिवार्य की गई है और संबंधित अधिकारियों को विशेष निगरानी रखने को कहा गया है।
बच्चों के आधार पर फोकस, चलेंगे विशेष कैंप।
जिले में बाल आधार कवरेज बढ़ाने के लिए आंगनबाड़ी केंद्रों और स्कूलों में विशेष शिविर लगाए जाएंगे, ताकि अधिक से अधिक बच्चों का नामांकन हो सके।
लोगों को अलर्ट रहने की सलाह
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे अपने आधार को बायोमेट्रिक लॉक कर सुरक्षित रखें। साथ ही बैंकिंग लेनदेन के दौरान सतर्क रहें और अनजान CSP केंद्रों से पैसे निकालने से बचें, क्योंकि धोखाधड़ी का खतरा बना रहता है।
बैंकों को भी निगरानी के निर्देश।
सभी बैंकों को अलर्ट मोड में रहने और संदिग्ध लेनदेन पर नजर रखने को कहा गया है। डीसी ने दोहराया कि आधार प्रणाली को पारदर्शी और भरोसेमंद बनाए रखना प्रशासन की प्राथमिकता है, ताकि सरकारी योजनाओं का लाभ सही लोगों तक समय पर पहुंचे। बैठक में सिविल सर्जन, डीएसपी मुख्यालय, जिला समाज कल्याण पदाधिकारी, एलडीएम समेत कई अधिकारी मौजूद रहे।





