ग्राम लखीपोखर में आयोजित फुटबॉल प्रतियोगिता के फाइनल मुकाबले में जिला परिषद अध्यक्ष जूली हेंब्रम मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके पहुंचते ही आयोजन स्थल पर उत्साह का माहौल बन गया। फाइनल मुकाबले में एफसी महुल पहाड़ी ने एफसी चिरुडीह को 2-0 से हराकर खिताब अपने नाम किया। मैच समाप्ति के बाद जिप अध्यक्ष जूली हेंब्रम ने विजेता टीम महुल पहाड़ी को 15 हजार रुपये और उपविजेता एफसी चिरुडीह को 10 हजार रुपये का पुरस्कार देकर सम्मानित किया। उन्होंने खिलाड़ियों से खेल को करियर का जरिया बनाने, अनुशासन में रहने और नशे से दूर रहकर आगे बढ़ने की अपील की। जूली हेंब्रम ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में खेल प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ऐसे आयोजन युवाओं को सही दिशा देते हैं। जिला परिषद स्तर से खेल को बढ़ावा देने के लिए हरसंभव सहयोग किया जाएगा। कार्यक्रम में क्लब के सचिव परजित बेसरा, अध्यक्ष संजय मरांडी, मास्टर सुशील मुर्मू, जुगनू, संजय हांसदा सहित बड़ी संख्या में ग्रामीण और खेल प्रेमी मौजूद रहे।








