उक्त अभियान के तहत काम करने वाले कर्मियो ने की उपायुक्त से शिकायत
सुदीप कुमार त्रिवेदी
उर्दू साक्षात्कार अभियान के नाम पर फर्जीवाड़ा करने का एक मामला सामने आया है, जिसमें उक्त अभियान में काम करने वाले शिक्षकों ने मामले की जानकारी हेतु पाकुड़ उपायुक्त को लिखित शिकायत की है । उक्त शिक्षकों ने अपने आवेदन में पाकुड़ सदर के संग्रामपुर निवासी जियाउल हक विश्वास पर उर्दू साक्षात्कार अभियान के नाम पर बहाली कर भुगतान व अन्य किसी प्रकार के भत्ता ना देने का आरोप लगाते हुए कहा है कि जियाउल हक के द्वारा उक्त अभियान के नाम पर विगत एक वर्ष से कार्य लिया जा रहा है। आवेदन में कहा गया है कि जियाउल के द्वारा हर रोज पांच घण्टे कर्मियों से आनलाइन मीटिंग कराई जाती है एवं हर सप्ताह के के एम कालेज के समीप स्थित अपने कार्यालय में बुलाते हैं। आगे कहा गया है कि उक्त व्यक्ति के द्वारा 6 से 18 वर्ष की बच्चियों का चयन सर्वे के आधार करके उनका एक बैच तैयार किया जाता है एवं हर बैच के लिए एक एक शिक्षक का चयन किया जाता है । इन शिक्षकों का कहना है कि विगत वर्ष 2023 जुलाई तक इन्होंने पांच सौ लोगों का चयन किया है लेकिन आज तक किसी तरह के मानदेय का भुगतान नहीं किया गया है, किसी प्रकार का सवाल पूछे जाने पर या मानदेय के भुगतान के बाबत बोलने पर निकाल देने की धमकी देते हैं ।






