प्रौद्योगिकी से पारदर्शी जनसेवा देने में उत्कृष्ट प्रदर्शन का मिला पुरस्कार, 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में होगा सम्मान समारोह।
पाकुड़। डिजिटल तकनीक के जरिए ग्रामीणों तक पारदर्शी और प्रभावी जनसेवाएं पहुंचाने में महेशपुर प्रखंड की दमदमा पंचायत ने जिले का मान बढ़ाया है। पंचायत के उत्कृष्ट प्रदर्शन को देखते हुए झारखंड सरकार ने उसे राज्य स्तरीय पुरस्कार के लिए चुना है। 28 नवंबर को रांची के खेलगांव में आयोजित समारोह में पंचायत को सम्मानित किया जाएगा।
झारखंड स्थापना दिवस के अवसर पर पंचायत राज विभाग की ओर से किए गए चयन की सूचना मिलते ही जिले में खुशी का माहौल है। इस उपलब्धि पर उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने बीडीओ, जिला पंचायत राज पदाधिकारी, डीपीएम, प्रखंड समन्वयक, मुखिया, पंचायत सचिव, वीएलई सहित पूरी टीम को बधाई दी। उन्होंने कहा कि सामूहिक प्रयास, समर्पण और बेहतर कार्यप्रणाली से हासिल यह उपलब्धि पूरे जिले के लिए गौरव की बात है। साथ ही अन्य पंचायतों के लिए भी प्रेरणास्रोत है। दमदमा पंचायत का चयन। प्रौद्योगिकी के माध्यम से लोक सेवाओं का प्रभावी एवं पारदर्शी वितरण’ श्रेणी में किया गया है। इस सम्मान ने साबित किया है कि डिजिटल व्यवस्था का बेहतर इस्तेमाल ग्रामीण स्तर पर भी सरकारी सेवाओं को अधिक पारदर्शी और प्रभावी बना सकता है।






