अंडर-23 क्रिकेट में पाकुड़ स्पोर्ट्स एकेडमी को मिली शिकस्त, हर्ष राज ने 108 तो युवराज ने बनाए 75 रन
पाकुड़। पीडीसीए अंडर-23 यूथ क्रिकेट प्रतियोगिता के पहले मुकाबले में राइजिंग क्रिकेट क्लब ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए पाकुड़ स्पोर्ट्स एकेडमी को 16 रनों से शिकस्त दी। मैच में जीत के दो बड़े नायक रहे। पहले हर्ष राज ने बल्ले से शतक जड़कर टीम को मजबूत स्कोर तक पहुंचाया, फिर कृष ने पांच विकेट चटकाकर विपक्षी टीम की उम्मीदों पर पानी फेर दिया। पहले बल्लेबाजी करते हुए राइजिंग क्रिकेट क्लब ने 39.3 ओवर में सभी विकेट खोकर 226 रन बनाए। टीम की ओर से हर्ष राज ने बेहतरीन बल्लेबाजी करते हुए 108 रनों की शतकीय पारी खेली। उनके दमदार प्रदर्शन ने टीम को सम्मानजनक और चुनौतीपूर्ण स्कोर तक पहुंचाया। पाकुड़ स्पोर्ट्स एकेडमी की ओर से अख्तरूल और संजीत ने तीन-तीन विकेट हासिल किए। लक्ष्य का पीछा करने उतरी पाकुड़ स्पोर्ट्स एकेडमी की टीम ने मुकाबले में संघर्ष जरूर किया, लेकिन 210 रनों पर ही ऑलआउट हो गई। युवराज ने 75 रनों की जुझारू पारी खेलकर टीम को जीत दिलाने का भरपूर प्रयास किया, मगर दूसरे छोर से अपेक्षित सहयोग नहीं मिलने के कारण टीम लक्ष्य से 16 रन दूर रह गई। राइजिंग क्रिकेट क्लब के कृष ने शानदार गेंदबाजी करते हुए पांच विकेट लेकर मैच का रुख अपनी टीम की ओर मोड़ दिया। शानदार शतक के लिए हर्ष राज को मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में अंपायर की भूमिका अरिजीत मंडल और प्रसंजीत मंडल ने निभाई। इस अवसर पर पाकुड़ जिला क्रिकेट संघ के उपाध्यक्ष प्रसन्न मिश्रा, संयोजक आशुतोष यादव और सदस्य कुंवर राय उपस्थित थे।






