मटका दौड़ में बनीं राज्य चैंपियन, मिला 21 हजार का पुरस्कार; फुटबॉल में गढ़वा को 4-1 से हराकर पाकुड़ ने जीता कांस्य पदक।
पाकुड़। राज्य स्तरीय भगवान बिरसा मुंडा लोकप्रिय ग्रामीण एवं स्वदेशी जनजातीय खेल प्रतियोगिता में पाकुड़ के खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया। महिला वर्ग की मटका दौड़ में सोहागिनी किस्कू ने शानदार प्रदर्शन करते हुए पहला स्थान हासिल कर राज्य चैंपियन बनने का गौरव प्राप्त किया। उन्हें 21 हजार रुपये की पुरस्कार राशि देकर सम्मानित किया गया। वहीं, पुरुष फुटबॉल में पाकुड़ की टीम ने भी दमदार प्रदर्शन किया। संथाल परगना प्रमंडल का प्रतिनिधित्व कर रही टीम ने तीसरे स्थान के मुकाबले में गढ़वा को 4-1 से करारी शिकस्त देकर तृतीय स्थान पर कब्जा जमाया। टीम को 51 हजार रुपये की पुरस्कार राशि प्रदान की गई। एक ही प्रतियोगिता में महिला खिलाड़ी की व्यक्तिगत चैंपियनशिप और फुटबॉल टीम की शानदार जीत ने पाकुड़ को खेल के मैदान में दोहरी सफलता दिलाई है। खिलाड़ियों की इस उपलब्धि पर जिले में खुशी का माहौल है। उपायुक्त ने सोहागिनी किस्कू, फुटबॉल टीम के खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों और खेल संघों के पदाधिकारियों को बधाई देते हुए कहा कि यह सफलता खिलाड़ियों की मेहनत, अनुशासन और खेल के प्रति समर्पण का परिणाम है। उन्होंने विश्वास जताया कि जिले की यह उपलब्धि अन्य युवा खिलाड़ियों को भी खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करेगी।








