Search

November 28, 2026 12:34 am

रूस में हिरासत से छूटा झारखंड का बेटा, 22 दिन की कोशिश के बाद मनीष की वतन वापसी

परिवार से संपर्क टूटने पर मां ने लगाई थी गुहार, राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष की पहल पर भारतीय दूतावास ने दिलाई कांसुलर मदद।

ताशकंद के रास्ते दिल्ली पहुंचे, फिर जमशेदपुर लौटे

रांची/जमशेदपुर। रूस के येकातेरिनबर्ग में हिरासत में रखे गए जमशेदपुर के 29 वर्षीय मनीष साहू आखिरकार सुरक्षित अपने घर लौट आए। परिवार से संपर्क टूटने और विदेश में बेटे के हिरासत में होने की जानकारी मिलने के बाद मां की गुहार पर झारखंड सरकार का राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष सक्रिय हुआ। करीब एक महीने तक चले समन्वित प्रयासों के बाद मनीष की रूस से सुरक्षित वापसी का रास्ता साफ हुआ। 26 नवंबर को वे दिल्ली पहुंचे और शुक्रवार, 27 नवंबर को ट्रेन से अपने गृह नगर जमशेदपुर पहुंच गए। मनीष 6 अक्टूबर को पर्यटक वीजा पर रूस गए थे। 27 अक्टूबर के बाद जब परिवार का उनसे संपर्क टूट गया तो उनकी मां नीलम साहू ने राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष में शिकायत दर्ज कराई। इसके बाद मनीष ने खुद विभाग को सूचना दी कि उन्हें येकातेरिनबर्ग की स्थानीय पुलिस ने हिरासत में रखा है। उन्होंने कथित दुर्व्यवहार, झूठे आरोप और दबाव बनाए जाने की शिकायत भी की थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने 29 अक्टूबर को प्रोटेक्टर ऑफ इमिग्रेंट्स, रांची और भारतीय दूतावास, मॉस्को को पत्र भेजकर तत्काल कांसुलर और कानूनी सहायता मांगी। 2 नवंबर को भारतीय दूतावास ने मामला येकातेरिनबर्ग स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास को अग्रसारित कर दिया। इसके बाद 3 नवंबर को महावाणिज्य दूतावास के अधिकारियों ने विदेशी नागरिकों के अस्थायी निरोध केंद्र में मनीष से मुलाकात की और उन्हें कांसुलर सहायता उपलब्ध कराई। अधिकारियों ने उनके स्वास्थ्य को सामान्य और संतोषजनक पाया। इस बीच निरोध केंद्र के आदेश में मनीष पर 4,000 रूबल का जुर्माना लगाने के साथ रूस से अनिवार्य निष्कासन का निर्देश दिया गया था। 9 नवंबर को न्यायिक बेलीफ की समीक्षा के बाद 25 नवंबर को ताशकंद के रास्ते रूस छोड़ने की अनुमति मिली। इसके बाद मनीष ने दिल्ली के लिए हवाई टिकट बुक कराया। भारतीय महावाणिज्य दूतावास के समन्वय से उन्होंने 25 नवंबर को रूस से प्रस्थान किया और अगले दिन दिल्ली पहुंच गए।
मनीष की सुरक्षित वापसी के बाद राज्य प्रवासी नियंत्रण कक्ष ने भारतीय महावाणिज्य दूतावास, येकातेरिनबर्ग सहित सभी संबंधित अधिकारियों के प्रति आभार जताया। साथ ही रूस जाने वाले श्रमिकों और पर्यटकों से वैध वीजा, रोजगार अनुबंध और भर्ती एजेंसियों की पूरी जांच करने की अपील की है। विभाग ने कहा कि विदेश में फंसे झारखंड के नागरिकों की सुरक्षा और उन्हें समय पर सहायता उपलब्ध कराना उसकी प्राथमिकता है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!