Search

February 4, 2026 6:35 pm

3 फरवरी से मैट्रिक-इंटर परीक्षा, 29 केंद्रों पर 12,491 परीक्षार्थी होंगे शामिल

उपायुक्त ने दिए सख्त निर्देश—कदाचार पर शून्य सहनशीलता, हर केंद्र CCTV की निगरानी में

पाकुड़। जिले में 3 फरवरी से शुरू होने वाली मैट्रिक और इंटरमीडिएट परीक्षा को लेकर प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। शुक्रवार को समाहरणालय सभागार में उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी की अध्यक्षता में उच्चस्तरीय बैठक आयोजित कर परीक्षा संचालन को लेकर दिशा-निर्देश जारी किए गए। बैठक में जिला शिक्षा पदाधिकारी अनीता पुरती ने बताया कि जिले में मैट्रिक परीक्षा में 7,989 और इंटर परीक्षा में 4,502 परीक्षार्थी शामिल होंगे। मैट्रिक के लिए 21 और इंटर के लिए 8 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। प्रश्नपत्र और उत्तर पुस्तिकाएं संबंधित प्रखंडों के राष्ट्रीयकृत बैंकों और कोषागार में सुरक्षित रखी जाएंगी। उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि प्रश्नपत्रों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है और किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी स्ट्रांग रूम और परीक्षा केंद्रों को सीसीटीवी निगरानी में रखने का निर्देश दिया गया है। परीक्षा केंद्रों पर बिजली, प्रकाश, शौचालय, पेयजल जैसी मूलभूत सुविधाओं के साथ प्राथमिक उपचार और एम्बुलेंस की व्यवस्था भी अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाएगी। प्रश्नपत्र ले जाने वाले दंडाधिकारी और पुलिस बल परीक्षा शुरू होने से एक घंटे पहले केंद्रों पर सामग्री पहुंचाएंगे। परीक्षा समाप्ति के बाद उत्तर पुस्तिकाओं को सुरक्षित रूप से कोषागार में जमा कराया जाएगा। सभी केंद्राधीक्षकों को जैक के दिशा-निर्देशों का कड़ाई से पालन करने को कहा गया है। पुलिस अधीक्षक निधि द्विवेदी ने केंद्राधीक्षकों को अपने-अपने केंद्रों का निरीक्षण कर कमियों को तुरंत दूर करने का निर्देश दिया। उन्होंने कहा कि विद्यार्थियों का भविष्य इस परीक्षा से जुड़ा है, इसलिए शांतिपूर्ण, निष्पक्ष और कदाचारमुक्त वातावरण में परीक्षा कराना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
बैठक में अनुमंडल पदाधिकारी साईमन मरांडी, मुख्यालय डीएसपी जितेंद्र कुमार, जिला स्तरीय पदाधिकारी, पेट्रोलिंग व स्टैटिक मजिस्ट्रेट तथा सभी केंद्राधीक्षक उपस्थित थे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर