Search

February 4, 2026 10:15 pm

वार्ड-23 से मनोज सिंह ने नामांकन किया, उपमहापौर पद पर जताया दावा

मेदनीनगर: आज मनोज सिंह ने औपचारिक रूप से घोषणा करते हुए कहा कि वे वार्ड संख्या-23 से चुनाव मैदान में उतर चुके हैं और उन्होंने अपना नामांकन भी दाख़िल कर दिया है। मनोज सिंह ने स्पष्ट किया कि उनका उद्देश्य केवल पार्षद बनना नहीं, बल्कि उपमहापौर पद की जिम्मेदारी संभालना है।
उन्होंने कहा कि उपमहापौर का अर्थ है नगर निगम के सभी 35 वार्डों की समस्याओं पर सीधी निगरानी, और इसी लक्ष्य को लेकर वे चुनाव लड़ रहे हैं। उन्होंने बताया कि नगर निगम में वर्षों से दस्तावेज़ों से जुड़ी परेशानियाँ जनता को झेलनी पड़ती रही हैं, लेकिन उनके आने के बाद ऐसी समस्याओं का स्थायी समाधान किया जाएगा, ताकि किसी भी नागरिक को दफ्तरों के चक्कर न लगाने पड़ें।
मनोज सिंह ने यह भी कहा कि वार्ड-23 के सभी अन्य संभावित प्रत्याशियों ने उन्हें अपना समर्थन दे दिया है और अब कोई भी उनके खिलाफ चुनाव नहीं लड़ रहा है। इससे वार्ड के भविष्य को एकजुट और मजबूत दिशा मिलेगी।
उन्होंने अपने संकल्पों को गिनाते हुए कहा कि वार्ड में जो भी कार्य कर्मियों की लापरवाही या अव्यवस्था के कारण पीछे रह गए हैं, उन्हें प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।
सौंदर्यीकरण, सड़क जाम की समस्या, साफ-सफाई और सार्वजनिक शौचालयों की बेहतर व्यवस्था उनकी प्रमुख प्राथमिकताओं में शामिल है।
खासतौर पर चौक-चौराहों पर शौचालय की गंभीर समस्या को लेकर उन्होंने आश्वासन दिया कि चुनाव के तुरंत बाद इस पर काम शुरू कराया जाएगा, ताकि आने वाले समय में जनता को दोबारा इस परेशानी का सामना न करना पड़े।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर