Search

March 24, 2026 6:04 pm

मजदूर किसान महाविद्यालय का 45वां स्थापना दिवस संपन्न

“शिक्षा समाज को दिशा देने का सशक्त माध्यम” — डॉ. बिन्देश्वर सिंह | “गुणवत्ता ही हमारी पूंजी” — डॉ. दिलीप राम

संजय कुमार गुप्ता
पांकी/पलामू।

मजदूर किसान महाविद्यालय, डंडार कला (पांकी) का 45वां स्थापना दिवस मंगलवार को हर्षोल्लास एवं गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्वलन एवं मां सरस्वती के चित्र पर माल्यार्पण के साथ हुई। इस अवसर पर अतिथियों का पुष्पगुच्छ एवं अंगवस्त्र देकर स्वागत किया गया।

महाविद्यालय के सचिव डॉ. बिन्देश्वर सिंह ने संस्थान की स्थापना में योगदान देने वाले महान व्यक्तित्वों को याद करते हुए कहा कि शिक्षा समाज को नई दिशा देने का सशक्त माध्यम है। उन्होंने कहा कि स्थापना दिवस आत्ममूल्यांकन और आगे बढ़ने का अवसर है।

प्राचार्य डॉ. दिलीप राम ने कहा कि महाविद्यालय क्षेत्र में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा का केंद्र रहा है और गुणवत्ता ही इसकी सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने सभी के सहयोग से संस्थान के निरंतर प्रगति करने की बात कही।

समारोह में शिक्षा के महत्व पर जोर देते हुए कहा गया कि शिक्षा अज्ञानता के अंधकार को दूर कर समाज को सशक्त बनाती है। इस दौरान एनसीसी एवं एनएसएस के छात्र-छात्राओं और पीएचडी उपाधि प्राप्त शिक्षकों—डॉ. राजीव रंजन, डॉ. राजकमल वर्मा, डॉ. आलोक कुमार पाठक, डॉ. बंशीधर सिंह, डॉ. स्वीटी कुमारी, डॉ. पंकज कुमार, डॉ. बसंत कुमार एवं डॉ. पूनम कुमारी—को सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम का संचालन डॉ. राजेश्वर चौधरी ने किया तथा डॉ. राजीव रंजन ने धन्यवाद ज्ञापन किया। समारोह में शिक्षक, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं स्थानीय लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।

अंत में सभी ने शिक्षा के माध्यम से समाज और राष्ट्र के विकास का संकल्प लिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर