एसडीपीओ कार्यालय से धनुषपूजा मध्य विद्यालय तक लगता है ट्रैक्टरो का काफिला
सुदीप कुमार त्रिवेदी
सूरज की किरणों के निकलने से पहले ही बालू व्यापार से जुड़े लोग अपनी जुगत और जुगाड़ में निकल जाते हैं । अहले सुबह से ही पाकुड़ जिला मुख्यालय स्थित एसडीपीओ कार्यालय से धनुषपूजा मध्य विद्यालय तक ओवरलोडेड ट्रैक्टर का काफिला लग जाता है । अधिकतर बिना नंo वाले इन ट्रैक्टरो में क्षमता से अधिक बालू लदे रहते हैं,कुछ के माइनिंग चालान है तो कुछ तो पूरी तरह अवैध ही है,बस अपने सभी ट्रैक्टर गंतव्य तक पहुंचने का इंतजार करते हैं । बालू से ओवरलोडेड इन ट्रैक्टरो के मालिक, बिचौलिओं की पूरी टीम शहर के कमोबेश हर चौक चौराहों पर मौजूद रहते हैं और जैसे ही कोई प्रशासनिक अधिकारी के काफिले के आने की सुगबुगाहट होती है ऐसे लोग तुरंत अपनी पूरी टीम को सतर्क कर देते हैं । इतना ही नही सूत्र बताते हैं कि प्रशासन की ओर से होने वाली किसी भी तरह की संभावित कार्यवाही के बारे में इनको पहले से ही पता चल जाता है । बताते चले कि उक्त सड़क के किनारे धनुषपूजा मध्य विद्यालय भी अवस्थित है जहाँ बच्चों व छात्रों का आना जाना लगा रहता है । इस बाबत मध्य विद्यालय के शिक्षिकाओं का कहना है कि कई बार इनके द्वारा विद्यालय के पास ट्रैक्टर ना लगाने का अनुरोध किया गया है पर ये लोग सुनते नही है । इस बाबत विद्यालय की प्रभारी प्राधानाध्यापिका ने उक्त मामले की लिखित शिकायत कर वरीय पदाधिकारी को जानकारी देने की बात कही ।





