अब्दुल अंसारी
पाकुड़िया: आगामी 20 नवंबर को होने वाले झारखंड विधानसभा चुनाव के दूसरे और अंतिम चरण में अधिकतम मतदान सुनिश्चित करने के लिए जिले के उपायुक्त मनीष कुमार और पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने स्वीप (सिस्टमेटिक वोटर्स एजुकेशन एंड इलेक्ट्रोरल पार्टीसिपेशन) कार्यक्रम के तहत पाकुड़िया हाई स्कूल प्रांगण में मतदाताओं को जागरूक किया। इस अवसर पर डीसी और एसपी ने रंगोली बनाकर और मानव श्रृंखला बनाकर सभी को लोकतंत्र के इस महापर्व में उत्सव की भावना से भाग लेने का संदेश दिया। जिला निर्वाचन अधिकारी सह उपायुक्त मनीष कुमार ने सभी से अपील की कि 20 नवंबर को सुबह 7 बजे मतदान केंद्र पहुंचकर “पहले मतदान, फिर जलपान” के संकल्प का पालन करें। पुलिस अधीक्षक प्रभात कुमार ने मतदाताओं से कहा कि वे अपने मताधिकार का प्रयोग कर लोकतंत्र को मजबूत बनाएं। एसपी ने मतदाताओं को अधिक से अधिक मतदान में भागीदारी की शपथ दिलाई, जिससे मतदान प्रतिशत को शत प्रतिशत तक पहुंचाया जा सके। इस अवसर पर एसडीपीओ विजय कुमार, बीडीओ सोमनाथ बनर्जी, थाना प्रभारी अमित कुमार सिंह, प्रखंड पंचायती राज पदाधिकारी त्रिदीप कुमार शील, बीपीओ जगदीश पंडित सहित प्रखंड के अन्य अधिकारी, आंगनवाड़ी सेविकाएं, ग्रामीण और बड़ी संख्या में स्थानीय बुद्धिजीवी भी उपस्थित रहे।






