बड़े साउंड बॉक्स छोड़ गए चोर, महंगी मशीनें और उपकरण ले गए।
पाकुड़िया (पाकुड़)। पाकुड़िया थाना क्षेत्र के मोंगला बांध गांव के नथुआ मोड़ स्थित साउंड सिस्टम संचालक गंगा कुमार पाल के बंद गोदाम का ताला तोड़कर चोरों ने करीब सात लाख रुपये के डीजे और साउंड सिस्टम के उपकरण चोरी कर लिए। चोर गोदाम में रखे बड़े और भारी साउंड बॉक्स को छोड़ गए, जबकि महंगी मशीनें और अन्य उपकरण लेकर फरार हो गए। मंगलवार सुबह गंगा कुमार पाल गोदाम पहुंचे तो गेट का ताला टूटा हुआ मिला। अंदर जाने पर कई सामान गायब थे। उन्होंने बताया कि रविवार शाम को उन्होंने गोदाम बंद किया था। इसके बाद रविवार रात से सोमवार रात के बीच चोरी होने की आशंका है। गंगा पाल के अनुसार, चोर नौ पंखे, सात डीजे मशीन, दो लेजर सेट और पांच साउंड मिक्सचर मशीन समेत अन्य सामान ले गए हैं। चोरी गए सामान की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। घटना के बाद उन्होंने कहा कि डीजे और साउंड सिस्टम का कारोबार ही उनकी रोजी-रोटी का एकमात्र साधन था। सामान चोरी हो जाने से उनका रोजगार प्रभावित हो गया है। घटना की जानकारी मिलने पर पाकुड़िया पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस चोरी की घटना से जुड़े सुराग जुटाने के साथ आसपास के लोगों से भी जानकारी ले रही है।






