इशाकपुर में विधिक जागरूकता शिविर, 300 वरिष्ठ नागरिक व ग्रामीण हुए शामिल
पाकुड़। बुजुर्गों के अधिकारों की जानकारी देने और उन्हें सम्मान के साथ जीवन जीने के लिए जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलवार को इशाकपुर पंचायत भवन में विधिक जागरूकता शिविर लगाया गया। झालसा, रांची के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डीएलएसए) पाकुड़ की ओर से आयोजित शिविर में करीब 300 वरिष्ठ नागरिक और ग्रामीण शामिल हुए। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह डीएलएसए अध्यक्ष दिवाकर पांडेय के निर्देश और डीएलएसए सचिव रूपा बंदना किरो के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि डीएसपी मुख्यालय उज्ज्वल कुमार साहा ने वरिष्ठ नागरिकों के अधिकार, कानूनी सुरक्षा और सम्मान से जुड़े विषयों पर जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बुजुर्ग परिवार और समाज की धरोहर हैं। उनके सम्मान और सुरक्षा के साथ उनकी देखभाल करना सभी की जिम्मेदारी है। एलएडीसीएस के डिप्टी चीफ मो. नुकुमुद्दीन शेख और सहायक गंगाराम टुडू ने माता-पिता और वरिष्ठ नागरिक भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007 के प्रमुख प्रावधानों की जानकारी दी। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण, देखभाल, चिकित्सा सुविधा और अधिकारों की रक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी प्रावधानों को सरल भाषा में समझाया। कार्यक्रम में इंडियन नेशनल एसोसिएशन के अध्यक्ष जेडएच विश्वास ने वरिष्ठ नागरिकों के स्वास्थ्य को लेकर महत्वपूर्ण जानकारी दी। उन्होंने कहा कि बुजुर्गों का अनुभव समाज की अमूल्य धरोहर है और उनकी सेवा व देखभाल करना नई पीढ़ी का दायित्व है।
कानूनी जागरूकता के साथ स्वास्थ्य जांच भी
शिविर के दौरान मेडिकल कैंप भी लगाया गया। इसमें वरिष्ठ नागरिकों की बीपी, शुगर सहित अन्य स्वास्थ्य संबंधी जांच की गई। मौके पर डॉ. शेखावत शेख, मो. इमरान आलम, मुखिया मिनाती देवी, आनंद कुमार, नजरूल शेख, शाफिकुल शेख, कैमुद्दीन विश्वास, अंजारुल शेख, मोताकब्बर शेख, नूरभानु बीबी, नेकाइल शेख, सैफुल शेख, फजर शेख, ज्ञान गंगोत्री विकास संस्था के महावीर चौधरी सहित पैरा लीगल वॉलंटियर मोकमाउल शेख, एजारुल शेख और याकूब अली मौजूद रहे।






