सतनाम सिंह
पाकुड़। विधायक निसात आलम ने मंगलवार को पाकुड़ सदर अस्पताल सोनाजोड़ी का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने मरीजों से मुलाकात कर उनका हाल-चाल जाना और अस्पताल की आवश्यक सुविधाओं का बारीकी से निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान विधायक ने उपस्थित डॉक्टरों और प्रभारी को आवश्यक निर्देश भी दिए। इसके बाद विधायक निसात आलम पाकुड़ जिला कांग्रेस कार्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने क्षेत्रवासियों के लिए बेहतर स्वास्थ्य सेवा उपलब्ध कराने के उद्देश्य से पूर्व मंत्री आलमगीर आलम के विधायक निधि से दो एंबुलेंस की व्यवस्था की। विधायक ने इन एंबुलेंस का उद्घाटन फीता काटकर किया। इसके साथ ही, विधायक ने पाकुड़ स्थित डीडीएच (जिला दिव्यांग अस्पताल) में अत्याधुनिक सुविधाओं से लैस अल्ट्रासोनोग्राफी मशीन का भी विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि यह सुविधा क्षेत्र के मरीजों के लिए मील का पत्थर साबित होगी। इसके बाद विधायक निसात आलम ने हीरानंदनपुर और भवानीपुर फारसा पंचायतों के विभिन्न गांवों का दौरा किया, जहां उन्होंने ग्रामीणों की समस्याओं को सुना और समाधान का भरोसा दिया। उन्होंने कहा कि संबंधित विभागों के माध्यम से जल्द ही सभी समस्याओं का निवारण किया जाएगा। जनसम्पर्क अभियान के दौरान ग्रामीणों को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा, आपके सहयोग के बदौलत ही मैं इस मुकाम तक पहुंचा हूं, इसके लिए मैं आप सभी का आभार व्यक्त करता हूं। इस मौके पर जिला कांग्रेस अध्यक्ष कुमार सरकार, प्रखंड अध्यक्ष मानसारुल हक, विधायक प्रतिनिधि गुलाम अहमद, जिला प्रवक्ता मुख्तार हुसैन, जिला परिषद सदस्य मंजुला हसदा, सोशल मीडिया प्रभारी पियारुल इस्लाम, शाहीन परवेज, रामविलास महतो, ओबीसी अध्यक्ष आमिर हमजा, युवा उपाध्यक्ष बिलाल शेख, मुखिया प्रतिनिधि सेलिम हुसैन समेत बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित थे।











