एस कुमार
महाशिवरात्रि का पावन पर्व बुधवार को महेशपुर प्रखंड क्षेत्र में आस्था और उल्लास के साथ मनाई गई. सुबह से ही प्रखंड मुख्यालय स्थित श्रीश्री 1008 महेश्वर नाथ शिव मंदिर, ग्वालपाड़ा शिव मंदिर, भोरिकोचा मंदिर, रोलाग्राम शिव मंदिर सहित अन्य शिवालयों में भक्तों की भीड़ पहुंचने लगी थी. भगवान भोलेनाथ और मां गौरी की पूजा में भक्त कोई कमी नहीं रखना चाहते थे. शिव मंदिर पहुंचे भक्तों ने भोलेनाथ का प्रिय बेलपत्र, सफेद फूल, बेल व गेहूं की बाली सहित दूध, दही आदि से विधि-विधान के साथ शिवलिंग में स्नान कराकर पूजा-अर्चना करते हुए मंगल कामना की. महेशपुर शिव मंदिर के कमेटियों के द्वारा मंदिर परिसर में बैरीकेट्स लगाए गए थे. जहां कतारबद्घ होकर भक्तों ने मंदिर के अंदर पहुंचकर पूजा-अर्चना की।





