इकबाल हुसैन
महेशपुर प्रखंड के सिलमपुर मैदान में मुखिया संघ महेशपुर द्वारा आयोजित तीन दिवसीय फुटबॉल प्रतियोगिता का फाइनल शनिवार को शानदार तरीके से संपन्न हुआ। मुख्य अतिथि झारखंड प्रदेश पुलिस एसोसिएशन अध्यक्ष राहुल मुर्मू, झामुमो जिला सचिव माइकल मुर्मू, जिला संगठन सचिव अनारुद्दीन मियां, बीडीओ डॉ. सिद्धार्थ शंकर यादव, थाना प्रभारी रवि शर्मा समेत कई गणमान्य लोगों ने संयुक्त रूप से मैच का शुभारंभ किया। रोमांचक फाइनल में एफसी हेंब्रम स्टोन ने पंचायत टीम मुहुलपहाड़ी को पेनाल्टी शूटआउट में हराकर खिताब जीता। विजेता टीम को दो लाख रुपये नगद व ट्रॉफी, जबकि उपविजेता को डेढ़ लाख रुपये नगद व ट्रॉफी से सम्मानित किया गया। विश्व आदिवासी दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम में स्थानीय कलाकारों के पारंपरिक नृत्य व गीतों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। कार्यक्रम में खेल के जरिए भाईचारा, अनुशासन और एकता का संदेश देने पर जोर दिया गया।





