राजकुमार भगत
पाकुड़। भारतीय जनता पार्टी के कार्यकर्ताओं ने शुक्रवार को पूर्व प्रधानमंत्री और भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की पुण्यतिथि पर पाकुड़ के अटल चौक स्थित उनकी प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि दी। जिलाध्यक्ष अमृत पांडेय ने कहा कि अटल जी भारतीय राजनीति के अजातशत्रु थे। जनसंघ से भाजपा की नींव रखने वाले अटल जी का पूरा जीवन राष्ट्र समर्पण का प्रतीक रहा। वे भाजपा के पहले राष्ट्रीय अध्यक्ष थे। पाँच प्रधानमंत्रियों के सामने विपक्ष के नेता रहना उनकी विशेषता थी। सत्ता की चाह के बिना उन्होंने लोकतंत्र की गरिमा को मजबूत किया। संयुक्त राष्ट्र में भारत का पक्ष रखते हुए उन्होंने दुनिया को भारत की ताकत का एहसास कराया। प्रदेश मंत्री दुर्गा मरांडी ने कहा कि अटल जी ने अपना जीवन एक मजबूत और समृद्ध भारत बनाने के संकल्प को समर्पित किया। उनका योगदान राष्ट्र कभी नहीं भूलेगा। इस मौके पर प्रदेश कार्यसमिति सदस्य अनुग्रहित प्रसाद साह, जिला महामंत्री रूपेश भगत, उपाध्यक्ष धर्मेंद्र त्रिवेदी, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष दीपक साह, मनीष पांडेय, नगर अध्यक्ष सोहन मंडल, हिसाबी राय, पवन भगत, सपन दुबे, बासु मंडल, मनोजीत पांडेय समेत बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।

