इकबाल हुसैन
पाकुड़िया | खैराकंदर स्थित डिवाइन प्रोविडेन्स मिशन स्कूल में बाल दिवस पर आयोजित भव्य कार्यक्रम में झामुमो केंद्रीय समिति सदस्य उपासना मरांडी मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुईं। उनके आगमन पर विद्यालय प्रबंधन ने पुष्पगुच्छ व अंगवस्त्र देकर सम्मान किया। कार्यक्रम का शुभारंभ उपासना मरांडी ने फीता काटकर और पंडित जवाहरलाल नेहरू की तस्वीर पर माल्यार्पण कर किया।इसके बाद क्विज प्रतियोगिता, सांस्कृतिक प्रस्तुति और पुरस्कार वितरण का सिलसिला पूरे उत्साह के साथ चला।
छात्रों और अभिभावकों को संबोधित करते हुए उपासना मरांडी ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं। इन्हें अच्छे संस्कार और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिलनी चाहिए। बाल दिवस हमें याद दिलाता है कि पंडित नेहरू ने बच्चों के सपनों को सर्वोच्च महत्व दिया था। उन्होंने बच्चों को बड़े लक्ष्य तय करने, मेहनत करने और अपने परिवार, गांव व जिले का नाम रोशन करने के लिए प्रेरित किया। विद्यालय प्राचार्य अनुपम अभिषेक मुर्मू, शिक्षक संजय मुर्मू, रॉयलेन तोपनो, नूपुर गुरुंग, जेशिका राय, शाहीन आरा, सबा निसात, शोभराज मुर्मू सहित बड़ी संख्या में अभिभावक उपस्थित थे। कार्यक्रम के अंत में विजयी बच्चों को सम्मानित किया गया।













