जिला प्रशासन, पाकुड़ द्वारा उड़ान IAS एकेडमी, रांची के सहयोग से संचालित “प्रोजेक्ट प्रयास – हुनर से होनहार तक का सफर” के अंतर्गत जेपीएससी एवं जेएसएससी की निःशुल्क कोचिंग हेतु पात्रता परीक्षा रविवार को के.के.एम. कॉलेज, पाकुड़ में सफलतापूर्वक आयोजित की गई। पूरे परीक्षा केंद्र पर शांतिपूर्ण और अनुशासित माहौल बना रहा, जहां अभ्यर्थियों ने निर्धारित समयावधि में परीक्षा दी। उपायुक्त मनीष कुमार ने परीक्षा केंद्र पहुँचकर सभी व्यवस्थाओं का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने कक्षों की स्थिति, पर्यवेक्षण व्यवस्था, सुरक्षा इंतजाम, उपस्थिति पंजी और परीक्षार्थियों के लिए उपलब्ध कराई गई सुविधाओं की समीक्षा की। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अभ्यर्थियों से बातचीत कर उनकी तैयारियों और आवश्यकताओं की जानकारी भी ली तथा उनका उत्साहवर्धन किया। आज आयोजित परीक्षा में कुल 569 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 396 उपस्थित हुए, जबकि 173 अनुपस्थित रहे। परीक्षा दोपहर 12 बजे से 2 बजे तक शांतिपूर्वक संपन्न हुई। उपायुक्त मनीष कुमार ने कहा कि प्रोजेक्ट प्रयास जिले के युवाओं को गुणवत्तापूर्ण मार्गदर्शन प्रदान करने का एक महत्वपूर्ण माध्यम है। उन्होंने बताया कि कोचिंग पूरी तरह निःशुल्क है और अभ्यर्थियों को विशेषज्ञ शिक्षकों, अध्ययन सामग्री, टेस्ट सीरीज, लाइब्रेरी और विभिन्न शैक्षणिक सुविधाओं का लाभ मिलेगा। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे इस अवसर का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और प्रतियोगी परीक्षाओं में सफलता प्राप्त कर जिले का नाम रोशन करें।






