Search

June 19, 2026 4:33 pm

हत्या की नीयत से दिनदहाड़े फायरिंग करने वाले आरोपी अरेस्ट

हत्या की नीयत से की थी दो राउंड फायर: एसडीपीओ

पाकुड़: अमड़ापाड़ा थाना क्षेत्र के चिलगो गांव में दिनदहाड़े जानलेवा हमले की कोशिश को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नाकाम कर दिया। महेशपुर एसडीपीओ विजय कुमार ने प्रेस वार्ता में बताया कि आवेदक रमेश मुर्मू ने 5 दिसंबर 2025 को अमड़ापाड़ा थाना में आवेदन दिया था। उन्होंने बताया कि सुबह करीब 8:30 बजे वे अपने नवनिर्मित आवास पर थे, तभी एक अपराधी उनके पास आया और जान मारने की नीयत से पिस्तौल से दो बार गोली चलाई, लेकिन मिसफायर होने के कारण वे बच गए और शोर मचाते हुए वहां से भागे।इस संबंध में अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 73/25 दिनांक 05.12.2025, धारा 109(1)/61(2) बीएनएस एवं 27 आर्म्स एक्ट के तहत मामला दर्ज किया गया। मामले के त्वरित अनुसंधान एवं उद्भेदन के लिए पुलिस अधीक्षक पाकुड़ के निर्देश पर विशेष अनुसंधान दल (SIT) का गठन किया गया।एसआईटी ने छापामारी कर घटना में संलिप्त अभियुक्त सुनिल मुर्मू (उम्र लगभग 43 वर्ष), पिता—रामके मुर्मू, निवासी—जामकनाली (भुईया टोला), थाना—अमड़ापाड़ा, जिला—पाकुड़ को गिरफ्तार किया। पूछताछ के दौरान अभियुक्त ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसकी निशानदेही पर घटना में प्रयुक्त एक लोहे का बना देशी रिवॉल्वर भी बरामद किया गया। गिरफ्तार अभियुक्त को न्यायिक हिरासत में भेजने की प्रक्रिया जारी है।पुलिस के अनुसार, सुनिल मुर्मू का पूर्व आपराधिक इतिहास भी रहा है। उसके विरुद्ध अमड़ापाड़ा थाना कांड संख्या 48/24 (दिनांक 08.09.2024) धारा 303(2)/317(2)/3(5) बीएनएस के तहत मामला दर्ज है।छापामारी दल में थाना प्रभारी मदन कुमार शर्मा सहित अमड़ापाड़ा थाना के कई पुलिस पदाधिकारी, तकनीकी शाखा (पुलिस अधीक्षक कार्यालय, पाकुड़) के कर्मी एवं सशस्त्र बल शामिल थे। पुलिस ने आमजन से कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग की अपील की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!