पाकुड़। मालपहाड़ी सड़क स्थित प्यादपुर शनिदेव मंदिर के समीप मंगलवार सुबह एक तेज रफ्तार बाइक सवार ने सामने से आ रही टोटो में जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि टोटो सड़क पर पलट गई। हादसे में टोटो में सवार तीन यात्रियों में से एक महिला के हाथ में गंभीर चोट आई है। दुर्घटना में बाइक सवार भी सड़क पर गिर पड़ा और उसे भी काफी चोटें आईं। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार बाइक सवार के दाहिने हाथ से काफी खून बह रहा था, जबकि बाइक भी बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।।घटना के बाद स्थानीय लोगों ने त्वरित मानवीय पहल करते हुए घायलों की मदद की। टोटो चालक ने मानवता की मिसाल पेश करते हुए स्वयं चोटिल होने के बावजूद घायल महिला को उसी टोटो में बैठाकर तत्काल बेहतर इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया। मौके पर मौजूद लोगों ने बताया कि बाइक सवार अवैध रूप से साइकिल के माध्यम से कोयले की पासिंग कर रहे व्यक्ति को बचाने के प्रयास में संतुलन खो बैठा और भगत सिंह चौक की ओर से आ रही टोटो से टकरा गया। घटना की सूचना नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता को दी गई। सूचना मिलते ही अवर निरीक्षक सन्नी सुप्रभात के नेतृत्व में पुलिस बल मौके पर पहुंचा, लेकिन तब तक बाइक सवार अपनी बाइक जिसका की नंबर, JH 16E, 9890 के साथ घटनास्थल से फरार हो चुका था। पुलिस ने उसकी तलाश में आसपास के इलाकों में काफी खोजबीन की, हालांकि देर तक उसका कोई सुराग नहीं मिल सका। फिलहाल
पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है








