पाकुड़/ उपायुक्त मनीष कुमार की अध्यक्षता में मुख्यमंत्री स्वास्थ्य सहायता योजना की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले के विभिन्न प्रखंडों से प्राप्त कुल 26 लाभुकों के आवेदन स्वीकृत किए गए। स्वीकृत लाभुकों में अनुसूचित जनजाति के 21, अनुसूचित जाति के 1 तथा पिछड़ा वर्ग के 4 लोग शामिल हैं, जो विभिन्न बीमारियों से ग्रसित हैं। बैठक में योजना के उद्देश्य पर प्रकाश डालते हुए बताया गया कि इसके तहत जरूरतमंद वर्ग को पौष्टिक आहार एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई जाती है। योजना के अंतर्गत व्यस्क लाभुकों को 3,000 से 5,000 रुपये, अव्यस्क लाभुकों को 1,500 से 2,500 रुपये, कैंसर पीड़ित व्यस्कों को 25,000 रुपये तथा कैंसर पीड़ित अव्यस्कों को 15,000 रुपये तक की सहायता राशि दी जाती है। लाभार्थियों को योजना का लाभ लेने के लिए राशन कार्ड, आधार कार्ड, बैंक खाता, जाति प्रमाण पत्र एवं आय प्रमाण पत्र जैसे आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने होते हैं।





