रुपयों के लेनदेन के विवाद में 8–10 हमलावरों ने घेरकर किया हमला, 5 नामजद सहित 4–5 अज्ञात पर केस दर्ज।
पाकुड़। रंगों के त्योहार होली के दिन पाकुड़ शहर में उस वक्त सनसनी फैल गई, जब नगर थाना क्षेत्र के तलवाडांगा, नंदीपाड़ा में 44 वर्षीय देवराज सरकार उर्फ निमुआ की दिनदहाड़े चाकू मारकर हत्या कर दी गई। मंगलवार दोपहर करीब 2:30 बजे हुई इस वारदात से पूरे इलाके में दहशत फैल गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार देवराज सरकार घर से चाय पीने के लिए बाहर निकले ही थे कि पहले से घात लगाए 8–10 लोगों ने उन्हें घेर लिया। हमलावरों ने पकड़कर ताबड़तोड़ चाकू से हमला कर दिया। बताया जा रहा है कि उनकी पीठ पर तीन और सीने की ओर दो गहरे घाव मिले हैं। घटना के दौरान उनके पिता के सामने ही यह वारदात हुई। घटना के बाद परिजन और स्थानीय लोगों ने गंभीर रूप से घायल देवराज को सदर अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। ड्यूटी पर मौजूद चिकित्सक डॉ. मनीष कुमार ने बताया कि अस्पताल लाए जाने के समय उनकी हालत बेहद नाजुक थी। मृतक के पिता मेघनाथ सरकार ने बताया कि हमलावरों की संख्या आठ से दस थी। उन्होंने कुछ आरोपियों की पहचान भी की है और उनके नाम पुलिस को दे दिए गए हैं। पुलिस ने मामले में नगर थाना कांड संख्या 36/26 दर्ज करते हुए पांच नामजद और 4–5 अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। केस में धारा 103(1), 61(2), 352, 351(1) और 3(5) के तहत कार्रवाई की गई है।
प्राथमिकी में आशीष कुमार मंडल (पिता युद्धमान मंडल, बाहरगराम), प्रवीण मंडल (पिता अमोरी मंडल, महुआडांगा), खुदू मंडल (पिता स्व. युद्धमान मंडल), डेनी सरकार (पिता दिलीप सरकार) और महादेव कर्मकार (पिता स्व. जगदीश सरकार) को नामजद आरोपी बनाया गया है। स्थानीय लोगों के अनुसार देवराज सरकार का कुछ लोगों से रुपयों के लेनदेन को लेकर विवाद चल रहा था। इसी विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। बताया जाता है कि मृतक का आपराधिक इतिहास भी रहा है और पूर्व में एक मामले में वह जेल भी जा चुका था। जेल से बाहर आने के बाद वह जमीन की दलाली और कब्जे से जुड़े विवादों में भी घिरा रहा। सूचना मिलते ही नगर थाना प्रभारी अनिल कुमार गुप्ता पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है।







