Search

March 13, 2026 3:17 am

डाल्टनगंज में गैस संकट से ठेलेवालों की बढ़ी चिंता, “कल से दुकान बंद करनी पड़ सकती है….


जिला संवाददाता अंकित कुमार लाल

डाल्टनगंज: इन दिनों गैस की कमी से छोटे ठेला व्यवसायियों की परेशानी बढ़ती जा रही है। शहर में कई ठेले वाले निराश बैठे नजर आए। इनमें एक ठेला संचालक, जो कचरी, मीठे समोसे और नमकीन समोसे कम कीमत में बेचकर अपनी रोजी-रोटी चलाते हैं, ने अपनी परेशानी बताते हुए कहा कि गैस नहीं मिलने के कारण अब दुकान चलाना मुश्किल हो गया है।

ठेला संचालक ने बताया कि हर दो-तीन दिन में एक गैस सिलेंडर खत्म हो जाता है, लेकिन इस समय गैस मिलना काफी कठिन हो गया है। उन्होंने कहा कि अगर यही स्थिति रही तो कल से होटल (ठेला) बंद करना पड़ सकता है। उन्होंने मायूस होकर कहा, “मेरी रोजी-रोटी इसी से चलती है, अगर दुकान बंद हो गई तो घर का खर्चा भी बंद हो जाएगा।”
उन्होंने यह भी बताया कि इंडियन गैस नहीं मिल रही है और अगर एचपी गैस मिल भी जाए तो उसके लिए लंबा इंतजार करना पड़ रहा है। गैस संकट के कारण उनका काम पूरी तरह प्रभावित हो रहा है।
बातचीत के दौरान जब पत्रकार ने उनसे लकड़ी का उपयोग करने की सलाह दी, तो ठेला संचालक ने कहा कि ठेले पर लकड़ी का इस्तेमाल तो किया जा सकता है, लेकिन जहां वे किराए के मकान में रहते हैं वहां लकड़ी या चूल्हा जलाना मना है, इसलिए यह भी आसान विकल्प नहीं है।

इस पर पत्रकार ने सुझाव दिया कि घर में इंडक्शन का उपयोग किया जा सकता है और ठेले पर लकड़ी का सहारा लिया जा सकता है। साथ ही उन्होंने कहा कि अगर जरूरत पड़े तो समोसे की कीमत में एक-दो रुपये बढ़ाकर भी अपनी रोजी-रोटी चलाना गलत नहीं होगा।
हालांकि ठेला संचालक अभी भी चिंतित नजर आए। उन्होंने उदास होकर कहा, “अब देखिए आगे क्या होता है। गैस की इतनी परेशानी है कि समझ नहीं आ रहा, दुकान चल पाएगी या बंद करनी पड़ेगी।”

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर