Search

November 24, 2026 10:41 pm

दिनदहाड़े बंद घर को चोरों ने बनाया निशाना, लाखों के जेवरात और नकदी समेट ले गए

मुख्य दरवाजे से लेकर अलमारी और लॉकर तक के ताले तोड़े, पीछे की झाड़ियों वाले रास्ते से घुसने की आशंका।

हिरणपुर (पाकुड़)। हिरणपुर थाना क्षेत्र के कमलघाटी स्थित संत लुक हॉस्पिटल के मुख्य गेट के पास सोमवार को चोरों ने दिनदहाड़े एक बंद घर को निशाना बनाकर लाखों रुपये के सोने-चांदी के जेवरात और करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरों ने घर का मुख्य दरवाजा तोड़ने के बाद अलमारी और लॉकर के ताले भी तोड़ डाले। घर के अन्य कमरों और सामान को भी खंगाला। घटना के समय गृहस्वामी और उनकी पत्नी ड्यूटी पर थे, जबकि बेटी स्कूल गई हुई थी। जानकारी के अनुसार, आलोक नोएल टुडू और उनकी पत्नी पूनम नम्रता मुर्मू सोमवार सुबह ड्यूटी पर चले गए थे। इसी दौरान सुबह करीब 11 बजे से दोपहर 3 बजे के बीच चोरों ने वारदात को अंजाम दिया। आशंका है कि चोर घर के पीछे झाड़ियों से होकर अंदर घुसे और मुख्य दरवाजे का ताला तोड़कर चोरी की घटना को अंजाम दिया। चोरों ने स्टोर रूम में रखे सामान और सास के बक्से को भी खंगाल डाला। घर लौटने पर बेटी और पड़ोसी ने मुख्य दरवाजे का ताला टूटा देखा। पड़ोसी ने तत्काल गृहस्वामी को फोन कर इसकी सूचना दी। घर पहुंचने पर आलोक नोएल टुडू को चोरी का पता चला। चोर सोने का नेकलेस, चेन, चूड़ियां, कान के आभूषण, चांदी की पायल, माला, बेटी के चांदी के कड़े समेत अन्य कीमती सामान और नकदी लेकर फरार हो गए। घटना की सूचना मिलने पर हिरणपुर थाना प्रभारी मौके पर पहुंचे और जांच शुरू की। गृहस्वामी ने थाना में लिखित आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की है। दिनदहाड़े हुई इस चोरी से इलाके में दहशत है। स्थानीय लोगों ने पुलिस से क्षेत्र में गश्ती बढ़ाने और चोरी की घटना का जल्द खुलासा करने की मांग की है।

IMG 20261124 WA0059

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!