हजारों श्रद्धालुओं ने टेका मत्था, कीर्तन-अरदास के बाद छका गुरु का अटूट लंगर।
मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्रा ने भी गुरुद्वारे पहुंचकर लिया आशीर्वाद।
पाकुड़। सिखों के प्रथम गुरु श्री गुरु नानक देव जी का प्रकाश पर्व मंगलवार को पाकुड़ में श्रद्धा, उल्लास और भक्तिमय माहौल में मनाया गया। शहर के सिंधीपाड़ा गुरुद्वारा से लेकर पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा साध संगत तक दिनभर भक्ति की धारा बहती रही। हजारों श्रद्धालुओं ने गुरु दरबार में मत्था टेककर सुख-समृद्धि की कामना की। गुरुवाणी कीर्तन, सामूहिक अरदास और गुरु के अटूट लंगर में हर वर्ग के लोगों की भागीदारी ने आयोजन को खास बना दिया। इस अवसर पर पाकुड़ न्यायालय के मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी संजीत कुमार चंद्रा भी पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारा साध संगत पहुंचे। उन्होंने गुरु दरबार में मत्था टेका, प्रसाद ग्रहण किया और सभी की कुशल-मंगल की कामना की। उनकी मौजूदगी ने आयोजन की गरिमा बढ़ाई। प्रकाश पर्व को लेकर सुबह से ही गुरुद्वारों में श्रद्धालुओं की आवाजाही शुरू हो गई थी। दिन में सिंधीपाड़ा गुरुद्वारा और रात में पंजाबी मोहल्ला स्थित गुरुद्वारे में विशेष कीर्तन, गुरुवाणी पाठ और सामूहिक अरदास हुई। गुरुद्वारा के पाठी सरदार नवनीत सिंह ने मधुर कीर्तन और गुरुवाणी पाठ से संगत को भावविभोर कर दिया। पूरा परिसर वाहेगुरु के जयकारों से गूंजता रहा। अरदास के बाद श्रद्धालुओं ने कड़ा प्रसाद ग्रहण किया और गुरु का अटूट लंगर छका।

तीन शिक्षाओं में छिपा जीवन का सार।
इस मौके पर गुरु नानक देव जी की तीन प्रमुख शिक्षाओं ‘नाम जपो, किरत करो और वंड छको’ का संदेश दिया गया। संगत को बताया गया कि ईश्वर का स्मरण, ईमानदारी से मेहनत और अपनी कमाई में जरूरतमंदों को हिस्सेदार बनाना ही सच्चे जीवन का आधार है। गुरु नानक देव जी ने सदियों पहले जाति-पाति, ऊंच-नीच और धार्मिक भेदभाव से ऊपर उठकर मानवता, समानता, प्रेम और भाईचारे का मार्ग दिखाया था। पाठी सरदार नवनीत सिंह ने कहा कि गुरु नानक देव जी का संपूर्ण जीवन सत्य, सेवा और मानवता को समर्पित रहा। उनकी शिक्षाएं आज भी समाज को सही दिशा दिखाती हैं। प्रत्येक व्यक्ति को उनके बताए मार्ग पर चलते हुए जरूरतमंदों की सेवा और आपसी भाईचारे को मजबूत करना चाहिए। वहीं, गुरुद्वारा के सचिव सह कोषाध्यक्ष सरदार कुलदीप सिंह ने कहा कि कार्तिक पूर्णिमा पर मनाया जाने वाला प्रकाश पर्व केवल सिख समाज का धार्मिक उत्सव नहीं, बल्कि पूरी मानवता के लिए प्रेम, समानता, ईमानदारी और सेवा का संदेश है। उनकी वाणी आज भी दुनिया को सद्भाव का रास्ता दिखा रही है।आयोजन में पुरुषों, महिलाओं और युवाओं समेत बड़ी संख्या में साध संगत शामिल हुई। कीर्तन और पाठ की समाप्ति के बाद देर शाम आतिशबाजी कर प्रकाश पर्व की खुशियां मनाई गईं। पूरे आयोजन में सेवा, समर्पण और भाईचारे की अनूठी मिसाल देखने को मिली।












