पाकुड़। चैती नवरात्र के महाष्टमी के अवसर पर गुरुवार को छोटी अलीगंज स्थित चैती दुर्गा मंदिर में मां महागौरी की पूजा पूरे विधि-विधान और श्रद्धा-भाव के साथ संपन्न हुई। दोपहर करीब 2:05 बजे मंदिर प्रांगण में विशेष संधि पूजा का आयोजन किया गया। संधि पूजा के समापन के साथ ही महानवमी तिथि का प्रवेश हो गया, जबकि मां सिद्धिदात्री की मुख्य पूजा एवं मेले का भव्य आयोजन शुक्रवार को किया जाएगा। पूरे दिन मंदिर परिसर ढाक की थाप, शंख और घंटियों की गूंज से भक्तिमय वातावरण में डूबा रहा। बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी और पूजा-अर्चना में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। इसी दौरान पूजा स्थल पर एक भावुक और अद्भुत दृश्य देखने को मिला, जब एक महिला श्रद्धालु गहरे भक्ति भाव में डूबकर ‘मां के भर’ से अभिभूत होकर झूमने लगी। महिला के इस भावपूर्ण दृश्य को देखकर मौजूद श्रद्धालु भी भक्ति में लीन हो गए और मां के जयकारे लगाने लगे, जिससे पूरा वातावरण और अधिक भक्तिमय हो उठा। उधर, चैती दुर्गा पूजा के साथ-साथ रामनवमी पर्व को लेकर भी बाजारों में रौनक देखने को मिल रही है। शहर के विभिन्न हिस्सों में लहराते भगवा ध्वजों से पूरा क्षेत्र धार्मिक रंग में रंग गया है। श्रद्धालु बड़ी संख्या में फल, फूल और पूजा सामग्री की खरीदारी के लिए बाजारों में पहुंच रहे हैं। त्योहारों को देखते हुए प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। शांति एवं विधि-व्यवस्था बनाए रखने के लिए जगह-जगह पुलिस बल की तैनाती की गई है, ताकि सभी धार्मिक आयोजन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न हो सकें।






