राजकुमार भगत
पाकुड़। जिले में आध्यात्मिक माहौल को नई ऊंचाई देने के लिए 28 एवं 29 मार्च को स्थानीय रथ मेला मैदान में विराट संतमत सत्संग का भव्य आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन सद्गुरु धाम के प्रथम जिला अधिवेशन के रूप में किया जा रहा है, जिसकी तैयारी संतमत सत्संग जिला समिति पाकुड़ द्वारा जोर-शोर से की गई है। समिति के अध्यक्ष विभूति कुमार मिश्रा और सचिव नकुल साहा ने संयुक्त रूप से बताया कि इस अवसर पर महार्षि मेंहीं आश्रम, कुप्पाघाट के परम पूज्य अंतरराष्ट्रीय प्रवक्ता स्वामी सत्य प्रकाश जी महाराज सहित कई संत-महात्माओं का आगमन होगा, जिससे कार्यक्रम का महत्व और बढ़ जाएगा। उन्होंने बताया कि दोनों दिनों में प्रातः 5:00 बजे से भजन-कीर्तन, 6:00 बजे से स्तुति-विनती, ग्रंथ पाठ और सत्संग का आयोजन किया जाएगा, जो 11:00 बजे तक चलेगा। समिति ने जिले के सभी सत्संग प्रेमियों से अपील की है कि वे इस आध्यात्मिक ज्ञान यज्ञ में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेकर इसका लाभ उठाएं।






