प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा/पाकुड़, अंतर्राष्ट्रीय मजदूर दिवस के अवसर पर लिट्टीपाड़ा के विधायक हेमलाल मुर्मू ने गुतु गलांग सभागार में आयोजित सम्मान समारोह में महिलाओं की मेहनत, आत्मनिर्भरता और उद्यमशीलता को सलाम किया। कार्यक्रम में गुतु गलांग कल्याण ट्रस्ट से जुड़ी पहाड़िया समुदाय की महिलाओं को सम्मानित करते हुए विधायक ने उनके कार्यों को क्षेत्र के लिए प्रेरणादायक बताया।विधायक ने कहा कि मजदूर दिवस केवल श्रमिकों के अधिकारों का प्रतीक नहीं, बल्कि उनके परिश्रम, संघर्ष और समाज निर्माण में उनके योगदान को सम्मान देने का दिन है। उन्होंने खास तौर पर महिलाओं की भूमिका को रेखांकित करते हुए कहा कि लिट्टीपाड़ा की “दीदियां” आज आत्मनिर्भरता की मिसाल बन रही हैं। कार्यक्रम के दौरान महिलाओं से संवाद करते हुए विधायक ने उनके कार्यों की जानकारी ली। महिलाओं ने बताया कि वे प्रतिदिन 5 से 6 हजार बोरे सिलती हैं और हर महीने लगभग 1 से 1.5 लाख बोरे तैयार किए जाते हैं। इस कार्य से उन्हें 6 से 7 हजार रुपये तक की मासिक आय हो रही है, जिससे वे अपने परिवार को आर्थिक रूप से सशक्त बना रही हैं। महिलाओं द्वारा बरबटी और बाजरा की पैकेजिंग ‘पलाश’ ब्रांड के तहत किए जाने की पहल की सराहना करते हुए विधायक ने इसे स्थानीय उत्पादों को पहचान दिलाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया। उन्होंने उत्पादन के साथ-साथ बाजार विस्तार पर जोर देते हुए कहा कि निजी क्षेत्र में भी आपूर्ति की संभावनाएं तलाशनी चाहिए, ताकि उत्पादों की मांग और आय दोनों बढ़ सकें। विधायक हेमलाल मुर्मू ने मशीनों के उन्नयन (अपग्रेडेशन) का भरोसा देते हुए कहा कि महिलाओं के कार्य को और सशक्त बनाने के लिए हर संभव सहयोग किया जाएगा। उन्होंने अन्य महिलाओं को भी स्वरोजगार से जुड़ने के लिए प्रेरित किया, ताकि अधिक से अधिक परिवार आर्थिक रूप से मजबूत बन सकें।समारोह में डीपीएम सहित झारखंड मुक्ति मोर्चा के कई कार्यकर्ता और स्थानीय लोग उपस्थित रहे।








