Search

May 2, 2026 10:54 pm

रामरंजन सिंह बने झारखंड प्रदेश महामंत्री, क्षत्रिय महासभा की जिला समिति का भी गठन।

राजकुमार भगत

पाकुड़। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने संगठन विस्तार और समाजहित को लेकर बड़ा निर्णय लेते हुए पाकुड़ के समाजसेवी रामरंजन सिंह को झारखंड प्रदेश का महामंत्री नियुक्त किया है। साथ ही संगठन को जमीनी स्तर पर मजबूत करने के उद्देश्य से पाकुड़ जिला में तदर्थ समिति का गठन भी किया गया है।
रामरंजन सिंह की नियुक्ति संगठन की राष्ट्रीय एवं प्रदेश टर्निंग कमेटी की अनुशंसा पर की गई है। वे लंबे समय से क्षत्रिय समाज के उत्थान, एकजुटता और सामाजिक गतिविधियों में सक्रिय भूमिका निभाते रहे हैं। उनके समर्पण और सक्रियता को देखते हुए महासभा ने उन्हें यह अहम जिम्मेदारी सौंपी है। इधर, प्रदेश ट्रेनिंग कमेटी की अनुशंसा पर पाकुड़ जिला में गठित तदर्थ समिति में सोहन कुमार सिंह को संयोजक, योगेश कुमार सिंह उर्फ बब्लू सिंह को अध्यक्ष, प्रतीष कुमार सिंह को संरक्षक, कुंचन कुमार सिंह एवं विपद भंजन सिंह को उपाध्यक्ष, अरुण कुमार सिंह को सचिव, प्रकाश सिंह को सह सचिव, सुकुमार सिंह को कोषाध्यक्ष, दीपक सिंह को सह कोषाध्यक्ष, रखवीर सिंह को संगठन सचिव तथा ललित कुमार सिंह को सर्वेक्षक बनाया गया है। इस समिति का कार्यकाल छह माह निर्धारित किया गया है।
महासभा की स्थापना वर्ष 1897 में अवध के महाराजा बलवंत सिंह द्वारा की गई थी और तब से संगठन समाज सेवा एवं विस्तार के कार्यों में सक्रिय है। वर्तमान में झारखंड के पाकुड़, दुमका, गोड्डा, साहिबगंज, जामताड़ा, देवघर, गिरिडीह और धनबाद सहित कई जिलों में संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य किया जा रहा है।
प्रदेश अध्यक्ष विनय कुमार सिंह (बीनू सिंह) ने विश्वास जताया कि रामरंजन सिंह के नेतृत्व और नवगठित जिला टीम के प्रयासों से संगठन को नई ऊर्जा मिलेगी तथा समाज के विकास कार्यों में तेजी आएगी। इस मौके पर महासभा के पदाधिकारियों और समाज के लोगों ने सभी नवनियुक्त पदाधिकारियों को बधाई देते हुए उनके सफल कार्यकाल की कामना की है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!