Search

May 4, 2026 12:51 am

दस महीने से बंद सोलर जलमीनार, आधा किलोमीटर दूर से पानी ढोने को मजबूर ग्रामीण।

पाकुड़िया (पाकुड़): प्रखंड की खजूरडंगाल पंचायत अंतर्गत दुर्गापुर जानुम टोला में लाखों रुपये की लागत से बनी सोलर युक्त पानी टंकी पिछले 10 महीनों से खराब पड़ी है। भीषण गर्मी के बीच जलमीनार के ठप रहने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। स्थिति यह है कि जलमीनार के पास ही दो बोरवेल और संरचना मौजूद होने के बावजूद पानी की आपूर्ति बंद है। मजबूरन ग्रामीणों को करीब आधा किलोमीटर दूर स्थित चापाकल से पीने का पानी लाना पड़ रहा है। तापमान 42 डिग्री के पार पहुंचने से हालात और गंभीर हो गए हैं, खासकर महिलाओं और बच्चों को तपती दोपहर में पानी ढोना पड़ रहा है।
ग्रामीण सोना हेंब्रम, भुनडा टुडू और फिलिप किस्कू ने बताया कि सोलर जलमीनार करीब दो साल पहले बनाई गई थी और शुरुआती एक वर्ष तक सुचारु रूप से चली। इसके बाद से यह लगातार खराब पड़ी है। जानुम टोला में पानी का कोई अन्य स्थायी स्रोत नहीं होने से समस्या और विकराल हो गई है।
ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल जलमीनार की मरम्मत कराने की मांग की है। सोना हेंब्रम ने कहा, “सरकार ने लाखों खर्च कर टंकी तो बना दी, लेकिन उसकी देखरेख नहीं हो रही। 10 महीने से बंद पड़ी है, अगर अभी ठीक हो जाए तो गर्मी में काफी राहत मिलेगी।”
ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते मरम्मत नहीं हुई तो गर्मी के इस मौसम में जल संकट और गहरा सकता है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!