जिले में पाकुड़ सहित हिरणपुर व पाकुड़िया प्रखंड में पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत की खबर मिलते ही सीमावर्ती पाकुड़ जिले में उत्साह का माहौल बन गया। सोमवार को दिनभर रुझानों पर नजर रखने के बाद जैसे ही जीत की तस्वीर साफ हुई, कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर उतर आए और जोरदार जश्न मनाया।हिरणपुर में पार्टी कार्यकर्ताओं ने सुभाष चौक के पास एकत्र होकर जमकर नारेबाजी की। कार्यकर्ताओं ने एक-दूसरे को अबीर लगाकर जीत की बधाई दी। इस मौके पर अजा प्रकोष्ठ के प्रदेश सचिव कामेश्वर दास, प्रमंडलीय सोशल मीडिया प्रभारी जयंत मंडल और प्रखंड अध्यक्ष सुकुमार मंडल सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे। वहीं पाकुड़िया प्रखंड में भाजपा कार्यालय पर कार्यकर्ताओं ने पटाखे फोड़े और मिठाइयां बांटकर खुशी जताई। कार्यकर्ताओं ने ‘अबकी बार भाजपा सरकार’ और ‘जय श्री राम’ के नारे लगाए। कार्यक्रम में मंडल अध्यक्ष विजय भगत, युवा अध्यक्ष संजीव भगत, किसान मोर्चा जिला अध्यक्ष हृदयानंद भगत समेत कई कार्यकर्ता शामिल हुए।
शाम होते-होते पाकुड़ शहर के विभिन्न चौक-चौराहों पर समर्थकों की भीड़ उमड़ पड़ी। ढोल-नगाड़ों और डीजे की धुन पर नाचते-गाते कार्यकर्ताओं ने जीत का जश्न मनाया। जगह-जगह आतिशबाजी की गई और एक-दूसरे को मिठाई खिलाई गई। कार्यकर्ताओं ने इस जीत को “विकास और सुशासन की जीत” बताते हुए कहा कि बंगाल की जनता ने बदलाव के लिए भाजपा पर भरोसा जताया है। उनका मानना है कि इस जनादेश का असर पड़ोसी क्षेत्रों पर भी देखने को मिलेगा। जश्न के दौरान सुरक्षा व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस भी सतर्क रही। खबर लिखे जाने तक जिले के कई हिस्सों में उत्सव का माहौल बना हुआ था और भाजपा समर्थकों का उत्साह चरम पर दिखा।









