Search

May 6, 2026 11:32 pm

भीख के पैसों से मंदिर बनाना मेरा संकल्प था— लाल बाबा

पाकुड़: भक्ति और संकल्प की शक्ति हो तो क्या कुछ संभव नहीं है, इसे चरितार्थ कर दिखाया है पाकुड़ के सुप्रसिद्ध लाल बाबा ने। पिछले 15 वर्षों से अपनी अनोखी साधना और जनसेवा के लिए चर्चित लाल बाबा आज किसी परिचय के मोहताज नहीं हैं। उन्होंने न केवल अपनी पुश्तैनी परंपराओं को बदला, बल्कि समाज के सहयोग से एक भव्य धार्मिक स्थल का निर्माण भी किया।

पुश्तैनी तांत्रिक परंपरा का‌ किया था त्याग

लाल बाबा बताते हैं कि उनके पूर्वज लंबे समय से तांत्रिक विद्या और पशु बलि जैसी परंपराओं से जुड़े थे। उनके घर में काली पूजा और तांत्रिक अनुष्ठान आम बात थी। लेकिन बाबा के मन में इस परंपरा के प्रति वितृष्णा पैदा हुई। उन्होंने तय किया कि वे इस मार्ग को छोड़कर सात्विक भक्ति के मार्ग पर चलेंगे। उन्होंने गुरु महाराज से दीक्षा ली, कंठधारी बने और पूरी तरह शाकाहार को अपना लिया।

लाल बाबा ने भिक्षा से रखा मंदिर की नींव

लाल बाबा का संकल्प था कि वे मंदिर का निर्माण केवल भिक्षा मांगकर ही करेंगे। उन्होंने बताया मैंने प्रण लिया था कि जो भी बनाऊंगा, भीख मांगकर ही बनाऊंगा। लोग कभी 1 रुपया, कभी 2 तो कभी 5 रुपये दान देते हैं। उसी छोटे-छोटे दान से मैंने इस मंदिर के निर्माण का काम शुरू किया।मंदिर निर्माण की राह आसान नहीं थी। जहाँ आज भव्य ढांचा खड़ा है, वहां पहले 12 फीट गहरा पोखरा (गड्ढा) हुआ करता था। उस गड्ढे को मिट्टी से भरवाया और गहरी पिलरिंग के साथ मजबूती से मंदिर की नींव रखी। सबसे पहले उन्होंने भगवान हनुमान का एक छोटा मंदिर बनाया। श्रद्धालुओं की बढ़ती भीड़ और भक्तों की आस्था को देखते हुए उन्होंने बाद में वहां महादेव (शिव) और अन्य देवी-देवताओं की प्रतिमाएं भी स्थापित कीं।आज लाल बाबा का यह मंदिर न केवल पाकुड़ बल्कि आसपास के क्षेत्रों के लिए भी श्रद्धा का केंद्र बन गया है। बाबा का कहना है कि उनकी इस यात्रा का उद्देश्य समाज में सात्विकता फैलाना और लोगों को पशु बलि जैसी कुरीतियों से दूर कर शुद्ध भक्ति से जोड़ना है।अपनी लंबी दाढ़ी, लाल वस्त्र और गले में रुद्राक्ष की माला धारण किए लाल बाबा आज भी उसी सादगी से अपने संकल्प को पूरा करने में जुटे हैं, जो यह दर्शाता है कि अटूट विश्वास से किसी भी बड़ी बाधा को पार किया जा सकता है।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!