पाकुड़ मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में खनन नियमों की अनदेखी का एक और मामला सामने आया है, जहां एक ही माइनिंग चालान पर बार-बार स्टोन चिप्स की ढुलाई करने का खेल पुलिस ने बेनकाब किया है। थाना प्रभारी गौरव कुमार के नेतृत्व में चलाए गए जांच अभियान के दौरान एक हाइवा ट्रक को रोका गया। जांच में यह खुलासा हुआ कि वाहन एक ही चालान के आधार पर दूसरी बार स्टोन चिप्स लेकर परिवहन कर रहा था। इससे साफ हो गया कि चालान का दुरुपयोग कर अवैध रूप से परिवहन कर रहा था।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हाइवा ट्रक को जब्त कर थाना परिसर में सुरक्षित रखवा दिया। वहीं, पूरे मामले की जानकारी देते हुए अग्रिम कार्रवाई के लिए जिला खनन पदाधिकारी को पत्र भेजा गया है। गौरतलब है कि क्षेत्र में माइनिंग चालान के दुरुपयोग की शिकायतें पहले भी लगातार सामने आती रही हैं—कभी एक चालान पर कई ट्रिप, तो कभी पीडीएफ के जरिए अवैध ढुलाई का खेल।
इस कार्रवाई के बाद अवैध खनन और परिवहन से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।






