Search

May 9, 2026 6:40 pm

स्कूलों में कंप्यूटर परीक्षा संपन्न, छात्रों ने जे-गुरुजी ऐप से दी ऑनलाइन परीक्षा।

राजकुमार भगत

पाकुड़। जिला शिक्षा विभाग के निर्देश पर जिले के सभी सूचना एवं संचार प्रौद्योगिकी (ICT) योजना संचालित विद्यालयों में कक्षा 6 से 12 तक के विद्यार्थियों की कंप्यूटर विषय की ऑनलाइन परीक्षा सफलतापूर्वक संपन्न हुई। यह परीक्षा ‘जे-गुरुजी’ ऐप के माध्यम से आयोजित की गई, जिसमें जिले के 160 विद्यालयों के कुल 8,716 छात्र-छात्राओं ने भाग लिया। जिला शिक्षा पदाधिकारी अनिता पूर्ति ने बताया कि ऑनलाइन माध्यम से परीक्षा लेने से विद्यार्थियों के सीखने के स्तर का आकलन आसान हुआ है। साथ ही शिक्षकों और विद्यालय प्रबंधन को तुरंत परिणाम विश्लेषण मिल रहा है, जिससे कमजोर विद्यार्थियों की पहचान कर उन्हें आवश्यक शैक्षणिक सहयोग दिया जा सकेगा।
परीक्षा के सफल संचालन में जिला शिक्षा कार्यालय, विद्यालयों के प्रधानाध्यापक, शिक्षक और आईसीटी प्रशिक्षकों की अहम भूमिका रही। परीक्षा के दौरान तकनीकी समस्याओं के समाधान के लिए आईसीटी प्रशिक्षक लगातार सक्रिय रहे। जिला शिक्षा पदाधिकारी ने सभी प्रधानाध्यापकों, शिक्षकों, आईसीटी प्रशिक्षकों, शिक्षा विभाग के कर्मियों और जे-गुरुजी टीम को सफल आयोजन के लिए बधाई दी। उन्होंने कहा कि प्रत्येक माह के दूसरे शनिवार को इस तरह की तकनीक आधारित गतिविधियां नियमित रूप से आयोजित की जाएंगी, ताकि विद्यार्थियों को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके। इस पहल से विद्यार्थियों में तकनीकी दक्षता विकसित होगी और वे भविष्य की चुनौतियों के लिए बेहतर तरीके से तैयार हो सकेंगे। परीक्षा के संचालन में आईसीटी प्रभारी मुकेश कुमार, जिला समन्वयक सुदीप साहा, अमित शर्मा, जय प्रकाश साहा, अंकित कुमार और पुलक मंडल का विशेष योगदान रहा।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!