Search

May 9, 2026 9:24 pm

सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाने पर जोर, जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक में कड़े निर्देश।

पाकुड़। उपायुक्त मेघा भारद्वाज की अध्यक्षता में जिला सड़क सुरक्षा समिति की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम, यातायात नियमों के सख्त अनुपालन और सड़क सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत बनाने को लेकर विस्तृत समीक्षा की गई। परिवहन विभाग द्वारा पीपीटी के माध्यम से वर्ष 2024, 2025 तथा 2026 के मार्च माह तक के सड़क दुर्घटना आंकड़ों की प्रस्तुति दी गई। समीक्षा में बताया गया कि पिछले दो वर्षों की तुलना में वर्तमान वर्ष में सड़क दुर्घटनाओं में 10 से 15 प्रतिशत तक की कमी दर्ज की गई है, जो एक सकारात्मक संकेत है। उपायुक्त मेघा भारद्वाज ने कहा कि सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाना सर्वोच्च प्राथमिकता है और इसके लिए सभी विभागों को आपसी समन्वय के साथ तेज और प्रभावी कार्रवाई करनी होगी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि हिट एंड रन मामलों का त्वरित निष्पादन सुनिश्चित किया जाए तथा कोई भी प्रकरण लंबित न रहे। उन्होंने जिले में व्यापक सड़क सुरक्षा जागरूकता अभियान चलाने, आम नागरिकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने तथा ओवरस्पीडिंग, ट्रिपल राइडिंग और अन्य उल्लंघनों पर सख्ती से कार्रवाई हेतु नियमित वाहन जांच अभियान चलाने का निर्देश दिया। बैठक में उपायुक्त ने राष्ट्रीय राजमार्ग पर लगाए गए बड़े डिवाइडर एवं बिजली के पोल को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए संबंधित विभाग को आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई करने को कहा। साथ ही महेशपुर एवं सदर प्रखंड में ट्रॉमा सेंटर की स्थापना हेतु प्रस्ताव भेजने का निर्देश दिया, ताकि दुर्घटना में घायल लोगों को तत्काल बेहतर चिकित्सा सुविधा मिल सके। पुलिस अधीक्षक अनुदीप सिंह ने कहा कि सड़क सुरक्षा केवल प्रशासन की नहीं, बल्कि समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। उन्होंने यातायात नियमों के पालन को लेकर विशेष सतर्कता बरतने और लगातार अभियान चलाने पर जोर दिया।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!