पाकुड़। स्थानीय डीएवी पब्लिक स्कूल के सभागार में शनिवार को मातृ दिवस (मदर्स डे) बड़े ही उत्साह, प्रेम और भावनात्मक माहौल में मनाया गया। इस अवसर पर छोटे-छोटे बच्चों ने रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसमें नृत्य, गीत और हस्तनिर्मित कार्डों के माध्यम से उन्होंने अपनी माताओं के प्रति प्रेम और आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के दौरान माताओं के लिए विशेष खेल प्रतियोगिताओं और रैंप वॉक का भी आयोजन किया गया, जिसने मां और बच्चे के अटूट संबंध को और अधिक सुदृढ़ किया। विद्यालय की ओर से सभी माताओं को आमंत्रित कर बच्चों को उनके साथ विशेष समय साझा करने का अवसर दिया गया। इस मौके पर विद्यालय के प्राचार्य डॉ. विश्वदीप चक्रवर्ती ने कहा कि मां परिवार की आधारशिला होती है और वही बच्चों की प्रथम गुरु होती है, जो उन्हें जीवन में सही दिशा प्रदान करती है। इसी कार्यक्रम के साथ महान साहित्यकार कविगुरु रवींद्रनाथ टैगोर की 165वीं जयंती भी उल्लासपूर्वक मनाई गई। प्राचार्य एवं शिक्षकों ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। बच्चों ने इस अवसर पर बंगाली नृत्य और रवींद्र संगीत की मनमोहक प्रस्तुतियां दीं, जिसने सभी का मन मोह लिया। प्राचार्य ने रवींद्रनाथ टैगोर को केवल साहित्यकार ही नहीं, बल्कि एक महान देशभक्त बताते हुए कहा कि वे एशिया के पहले नोबेल पुरस्कार विजेता थे। कार्यक्रम का समापन उनके द्वारा रचित राष्ट्रगान जन गण मन के साथ किया गया।









