पाकुड़ चैंबर ऑफ़ कॉमर्स एवं राज्य कर विभाग, पाकुड़ अंचल के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित जीएसटी रजिस्ट्रेशन शिविर सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर में शहर और जिले के विभिन्न व्यापारियों ने भाग लेकर जीएसटी से जुड़ी प्रक्रियाओं की जानकारी हासिल की और ऑन-द-स्पॉट पंजीकरण कराया। कार्यक्रम की शुरुआत में चैंबर पदाधिकारियों ने राज्य कर पदाधिकारी मृत्युंजय कुमार और जीरोध कुमार का पुष्पगुच्छ देकर स्वागत किया। शिविर के दौरान व्यापारियों को जीएसटी पोर्टल के उपयोग, आवश्यक दस्तावेज, रजिस्ट्रेशन प्रक्रिया, कर नियमों तथा व्यवसाय से जुड़े अन्य महत्वपूर्ण पहलुओं की सरल और विस्तृत जानकारी दी गई। साथ ही उनकी समस्याओं का मौके पर समाधान भी किया गया।
चैंबर पदाधिकारियों ने बताया कि छोटे और मध्यम व्यापारियों को डिजिटल कर प्रणाली से जोड़ना इस पहल का मुख्य उद्देश्य है, ताकि वे पारदर्शिता और सहजता के साथ अपना व्यवसाय संचालित कर सकें। शिविर में कुल चार प्रोफेशनल टैक्स और पांच जीएसटी रजिस्ट्रेशन के आवेदन प्राप्त हुए। इस अवसर पर चैंबर के सचिव संजीव कुमार खत्री सहित सुरेश बकलीवाल, संतोष केजरीवाल, आफताब आलम, प्रवीण जैन, निर्मल टेबड़ीवाल और उदय साह समेत कई व्यापारी और सदस्य उपस्थित रहे। राज्य कर विभाग की ओर से प्रधान लिपिक रवि कुमार, कम्प्यूटर ऑपरेटर कौशिक दे और मिथुन कुमार भी मौजूद थे।





