लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। झालसा रांची के निर्देशानुसार जिला विधिक सेवा प्राधिकार (डालसा) पाकुड़ के तत्वावधान में चल रहे 90 दिवसीय गहन विधिक जागरूकता एवं जनसंपर्क अभियान के तहत शनिवार को लिट्टीपाड़ा+2 विद्यालय में छात्राओं को विस्तृत कानूनी जानकारी दी गई। प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश सह अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकार पाकुड़ दिवाकर पांडेय के निर्देश तथा डालसा प्रभारी सचिव विशाल मांझी के मार्गदर्शन में आयोजित इस कार्यक्रम में छात्राओं को निःशुल्क विधिक सहायता, नालसा की विभिन्न योजनाओं तथा टॉल फ्री नंबर 15100 के माध्यम से कानूनी सहायता प्राप्त करने की जानकारी दी गई।
कार्यक्रम में लीगल एड डिफेंस काउंसिल सिस्टम के सहायक गंगाराम टुडू ने बाल विवाह के दुष्परिणामों, उससे जुड़े कानूनी प्रावधान एवं दंडात्मक सजा की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही डायन प्रथा और दहेज प्रथा जैसे सामाजिक कुरीतियों पर भी जागरूक किया गया। वहीं मध्यस्थ मीनू टुडू ने घरेलू हिंसा, पारिवारिक विवाद और उनसे बचाव के कानूनी उपायों की जानकारी देते हुए आपसी विवादों को कानूनी प्रक्रिया के माध्यम से सुलझाने की अपील की।
कार्यक्रम में विद्यालय के प्रधानाध्यापक, शिक्षक, पैरा लीगल वॉलिंटियर्स भरत कुमार साहा, जयंती टुडू समेत बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।








