Search

May 18, 2026 9:21 pm

वादों पर घिरी सरकार: किसानों के मुद्दे पर 20 मई को भाजपा का प्रखंड मुख्यालय घेराव।

पाकुड़। किसानों से जुड़े मुद्दों को लेकर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने आंदोलन का ऐलान किया है। इसी कड़ी में सोमवार को रेलवे मैदान, पाकुड़ में भाजपा नगर और ग्रामीण इकाइयों के प्रमुख कार्यकर्ताओं की संयुक्त बैठक आयोजित हुई, जिसमें 20 मई 2026 को प्रखंड कार्यालय परिसर में धरना देने का निर्णय लिया गया। बैठक में वरिष्ठ नेता अनुग्राहित प्रसाद साह, पूर्व जिला परिषद अध्यक्ष बाबूधन मुर्मू, जिला महामंत्री रूपेश भगत, जिला उपाध्यक्ष हिसाबी राय और पूर्व जिला अध्यक्ष अमृत पांडेय सहित कई प्रमुख नेता मौजूद रहे। सभी कार्यकर्ताओं को आंदोलन की तैयारी में जुटने का निर्देश दिया गया। बैठक के बाद नेताओं ने स्पष्ट किया कि यह धरना राज्य सरकार द्वारा किसानों से किए गए वादों की कथित अनदेखी के खिलाफ होगा। पार्टी का कहना है कि इस आंदोलन के माध्यम से वे किसानों की समस्याओं और सरकार की “वादा खिलाफी” को जनता के बीच उठाएंगे।
वरिष्ठ नेता अनुग्राहित प्रसाद साह ने आरोप लगाया कि हेमंत सोरेन के नेतृत्व वाली सरकार ने चुनाव से पहले किसानों को न्यूनतम समर्थन मूल्य 3200 रुपये प्रति क्विंटल, वन उत्पादों के एमएसपी में बढ़ोतरी, मुफ्त बिजली, सस्ती खाद-बीज और कृषि उपकरण देने जैसे कई बड़े वादे किए थे, लेकिन सत्ता में आने के बाद इन्हें पूरा नहीं किया गया। उन्होंने यह भी कहा कि बाजार में यूरिया की कालाबाजारी हो रही है और 266 रूपया की बोरी 550 से 800 रुपया तक बेची जा रही है। वहीं, बाबूधन मुर्मू ने कहा कि पूर्ववर्ती भाजपा सरकार की योजनाओं—जैसे मुख्यमंत्री कृषि आशीर्वाद योजना—को बंद कर दिया गया और प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना में भी बाधाएं उत्पन्न की गईं। उन्होंने आरोप लगाया कि वर्तमान सरकार किसानों और गरीबों के हितों के खिलाफ काम कर रही है।
बैठक में मंडल अध्यक्षों और कार्यकर्ताओं सहित बड़ी संख्या में पार्टी पदाधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Comment

लाइव क्रिकेट स्कोर
error: Content is protected !!