प्रशांत मंडल
लिट्टीपाड़ा (पाकुड़)। प्रखंड क्षेत्र में पिछले तीन दिनों से रुक-रुककर हो रही रिमझिम बारिश किसानों के लिए राहत लेकर आई है। बारिश के अभाव में सूखने की कगार पर पहुंच चुकी धान की फसल को इससे नई संजीवनी मिली है। खासकर ऊंची जमीन पर खेती करने वाले किसानों के चेहरे खिल उठे हैं।
प्रखंड के विभिन्न गांवों में ऊंची जमीन पर लगी धान की फसल में नमी की कमी के कारण पौधे मुरझाने लगे थे। इससे किसान चिंतित थे। ऐसे समय में लगातार हो रही हल्की बारिश से खेतों में नमी लौटने लगी है। किसानों का कहना है कि वर्तमान समय धान की फसल के लिए बेहद महत्वपूर्ण है और कई खेतों में बालियां निकलने लगी हैं। ऐसे में बारिश से दानों के बेहतर विकास और पैदावार में लाभ मिलने की उम्मीद है।
बेहतर पैदावार की जगी उम्मीद
किसान दानिनाथ मंडल, अरविंद मंडल, अनादि मंडल और सुशेन मंडल ने बताया कि बारिश से सूखते खेतों में फिर से हरियाली लौटने लगी है। इससे फसल को काफी फायदा होगा। किसानों को उम्मीद है कि आने वाले दिनों में मौसम अनुकूल रहा तो इस वर्ष धान की अच्छी पैदावार हो सकती है। बारिश ने किसानों की चिंता कम करने के साथ उनकी उम्मीदों को भी फिर से जगा दिया है।





